दुर्ग जिला सहकारी बैंक को मिला नया नेतृत्व, प्रीतपाल बेलचंदन ने संभाली अध्यक्ष की कमान
पदभार ग्रहण समारोह में जनप्रतिनिधि और सहकारिता जगत की मौजूदगी, किसानों के हित को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
दुर्ग जिला सहकारी केंद्रीय बैंक को नया अध्यक्ष मिल गया है। नव नियुक्त अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन ने बुधवार को विधिवत रूप से अपने पद का पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में राजनीतिक, सामाजिक और सहकारी क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
दुर्ग। दुर्ग जिला सहकारी केंद्रीय बैंक परिसर में आयोजित पदभार ग्रहण समारोह में अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन ने औपचारिक रूप से कार्यभार संभाला। समारोह में भाजपा की वरिष्ठ नेत्री श्रीमती रजनी बघेल, श्रीमती अलका बागमर, दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक सहित जितेंद्र वर्मा और शिव चंद्राकर की विशेष उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने नव नियुक्त अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
पदभार ग्रहण के पश्चात मीडिया से चर्चा करते हुए अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन ने स्पष्ट किया कि अविभाजित दुर्ग जिला, जिसमें दुर्ग, बालोद और बेमेतरा शामिल हैं, के किसानों, कृषक समूहों और सहकारी समितियों का हित उनकी पहली प्राथमिकता रहेगा। उन्होंने कहा कि सहकारिता को मजबूत माध्यम बनाकर किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के लिए ठोस और व्यावहारिक कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि विश्वास, सहभागिता और विकास के मूल मंत्र के साथ किसानों को समय पर ऋण, बेहतर बैंकिंग सुविधाएं और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। बेलचंदन ने कहा कि जनप्रतिनिधियों, सहकारी संस्थाओं और किसानों के सहयोग से दुर्ग संभाग में सहकारिता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।
suntimes 