भिलाई में अभाविप का प्रांतीय अधिवेशन शुरू, डिप्टी सीएम अरूण साव ने किया उद्घाटन
तीन दिवसीय अधिवेशन में प्रदेशभर से जुटे विद्यार्थी, संगठन के 76 वर्ष के सफर पर हुआ मंथन
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का छत्तीसगढ़ प्रांत स्तरीय अधिवेशन गुरुवार से भिलाई में शुरू हो गया। तीन दिनों तक चलने वाले इस अधिवेशन का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री अरूण साव ने किया।
भिलाई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) का छत्तीसगढ़ प्रांत स्तरीय अधिवेशन गुरुवार से भिलाई के कला मंदिर में आरंभ हुआ। तीन दिवसीय इस अधिवेशन का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री अरूण साव ने किया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में विद्यार्थी प्रतिनिधि शामिल हुए हैं।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री अरूण साव ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विश्व का सबसे बड़ा और विशिष्ट छात्र संगठन है। उन्होंने कहा कि परिषद ने अपने 76 वर्षों के लंबे सफर में न केवल छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया है, बल्कि सामाजिक और राष्ट्रीय महत्व के कई ज्वलंत विषयों पर भी सक्रिय भूमिका निभाई है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें स्वयं अभाविप से जुड़े रहने का गर्व है।
अधिवेशन में विशिष्ट अतिथि के रूप में अभाविप के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. आशुतोष मंडावी उपस्थित रहे। इसके अलावा प्रदेश अध्यक्ष विकास पांडेय और प्रदेश मंत्री अनंत सोनी ने भी अपने विचार रखे और संगठन की भावी दिशा पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के शुभारंभ से पहले अधिवेशन स्थल पर आयोजित प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया गया, जिसमें परिषद की गतिविधियों, संघर्षों और उपलब्धियों को दर्शाया गया है। इस वर्ष के प्रांतीय अधिवेशन का नाम स्वतंत्रता संग्राम के नायक भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर रखा गया है। बताया गया कि यह अधिवेशन तीन दिनों तक चलेगा और विभिन्न सत्रों के माध्यम से संगठनात्मक विषयों, छात्र हितों और सामाजिक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। अधिवेशन का समापन 21 दिसंबर को होगा।
suntimes 