दुर्ग में अछरा लोक कला महोत्सव का आगाज़, अरुण वोरा ने लोक कलाकारों को किया नमन
तीन दिवसीय महोत्सव में छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की भव्य प्रस्तुतियां
दुर्ग।दुर्ग शहर के वार्ड क्रमांक 53-54 पोटियाकला स्थित दशहरा मैदान में तीन दिवसीय “अछरा लोक कला महोत्सव” का भव्य शुभारंभ शनिवार को हुआ। अजय उपकार नवयुवक मंडल, अजय सरस्वती मंडली एवं वार्डवासी पोटियाकला के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह महोत्सव छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, परंपरा और कला को समर्पित है।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व विधायक एवं प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा ने दीप प्रज्वलन कर महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने लोक कलाकारों को नमन करते हुए कहा कि लोक कला किसी भी समाज की सांस्कृतिक आत्मा होती है। ऐसे आयोजन न केवल हमारी परंपराओं को जीवंत बनाए रखते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य भी करते हैं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सृजन, साधना और कला की समृद्ध भूमि है, जहां प्रतिभाशाली कलाकारों की कोई कमी नहीं है। यहां के कलाकारों ने अपनी साधना और कला कौशल से राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान बनाई है। हमारे लोक कलाकार आज नई ऊंचाइयों को छूते हुए आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बन रहे हैं।
कार्यक्रम में पूर्व महापौर आर.एन. वर्मा, फतेह सिंह भाटिया, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष अजय मिश्रा, राजकुमार पाली, परमजीत भूई, इंद्रपाल सिंह भाटिया, पप्पू श्रीवास्तव, बृजमोहन तिवारी, सफी कुरैशी, मंडल अध्यक्ष सुधीर चंदेल, सेवादल अध्यक्ष विकास सापेकर, के.डी. देवांगन एवं भोजराम यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आयोजन समिति की ओर से अनुरूप साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव के पहले दिन आदिवासी नृत्य कर्मा, गेंड्री, मांदरी, रामधुनी, रितु वर्मा की पंडवानी, फाग झांकी, नीलकमल वैष्णव का भजन संगीत, जस झांकी एवं नाचा की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
वहीं महोत्सव के दूसरे दिन भरथरी, लोक नृत्य, जस झांकी, सतनाम भजन, लोक संगीत, हास्य प्रसंग एवं लोकधार की प्रस्तुतियां दर्शकों को छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति से रूबरू कराएंगी।
अछरा लोक कला महोत्सव को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में लोग लोक कला और संस्कृति के रंगों में सराबोर होने दशहरा मैदान पहुंच रहे हैं।
suntimes 