रिसोर्ट में पार्टी के दौरान भिलाई की युवती की रहस्यमयी मौत, बाथरूम में मिली अचेत अवस्था में

दोस्तों के साथ मनगटा वन चेतना केंद्र स्थित रिसोर्ट में ठहरी थी युवती, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारण का खुलासा

रिसोर्ट में पार्टी के दौरान भिलाई की युवती की रहस्यमयी मौत, बाथरूम में मिली अचेत अवस्था में

राजनांदगांव। मनगटा वन चेतना केंद्र स्थित एक निजी रिसोर्ट में भिलाई की 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना गुरुवार सुबह की बताई जा रही है। युवती को अचेत अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

जानकारी के अनुसार भिलाई-3 नगर निगम क्षेत्र निवासी मुस्कान तिवारी अपने कुछ मित्रों के साथ पार्टी मनाने के लिए मनगटा स्थित रिसोर्ट पहुंची थी। बताया जा रहा है कि इससे पहले सभी दोस्त रायपुर के एक क्लब में भी गए थे। रात में रिसोर्ट में ठहरने के बाद गुरुवार सुबह मुस्कान बाथरूम गई, जहां वह अचेत अवस्था में मिली।

घटना की जानकारी मिलते ही साथ मौजूद लोगों ने उसे तत्काल राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद युवती को मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि मृतका के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। युवती को अस्पताल पहुंचाने वाले युवक की पहचान आशुतोष साहू के रूप में हुई है।

मामले की जानकारी मिलने पर सोमनी पुलिस मौके पर पहुंची और रिसोर्ट संचालक सहित कर्मचारियों से पूछताछ की। नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) अलेक्जेंडर किरो ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मौत के कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।