सोना-चांदी की चमक फीकी: इस हफ्ते कीमतों में बड़ी गिरावट

सोना ₹2,830 और चांदी ₹10,609 सस्ती, रिकॉर्ड ऊंचाई से लगातार नीचे आ रहे भाव

सोना-चांदी की चमक फीकी: इस हफ्ते कीमतों में बड़ी गिरावट

कीमती धातुओं के बाजार में इस सप्ताह गिरावट का रुख देखने को मिला। सोने और चांदी दोनों की कीमतों में कमी दर्ज की गई है। लगातार उतार-चढ़ाव के बीच निवेशकों और खरीदारों की नजर बाजार की चाल पर बनी हुई है।

देश के सर्राफा बाजार में इस सप्ताह सोने और चांदी के दामों में नरमी दर्ज की गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के आंकड़ों के मुताबिक, 24 कैरेट सोने की कीमत में 10 ग्राम पर 2,830 रुपए की गिरावट आई है। इसके बाद सोना 1.48 लाख रुपए से फिसलकर 1.45 लाख रुपए के स्तर पर पहुंच गया।

वहीं चांदी के भाव में भी बड़ी कमी देखने को मिली है। बीते सप्ताह 2.43 लाख रुपए प्रति किलो के स्तर पर कारोबार कर रही चांदी अब घटकर 2.32 लाख रुपए प्रति किलो रह गई है। इस तरह इसकी कीमत में 10,609 रुपए की गिरावट दर्ज की गई।

इस वर्ष सोने और चांदी के दामों में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। 31 दिसंबर 2025 को सोने की कीमत 1.33 लाख रुपए थी, जो 29 जनवरी को बढ़कर 1.76 लाख रुपए के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई थी। इसके बाद से कीमतों में गिरावट का दौर जारी है और अब तक सोना अपने ऑल टाइम हाई से करीब 31 हजार रुपए नीचे आ चुका है।

चांदी ने भी इसी अवधि में तेज उछाल के बाद गिरावट दर्ज की है। 31 दिसंबर 2025 को इसकी कीमत 2.30 लाख रुपए प्रति किलो थी, जो 29 जनवरी को बढ़कर 3.86 लाख रुपए के सर्वोच्च स्तर तक पहुंच गई थी। इसके बाद 142 दिनों में चांदी की कीमतों में 1.54 लाख रुपए की बड़ी कमी दर्ज की गई है।