इस्कॉन मंदिर में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया श्री श्री नित्यानंद त्रयोदशी महा महोत्सव

महाअभिषेक, 108 महाभोग, कीर्तन और महाप्रसाद के साथ उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, इस्कॉन अयोध्या के अध्यक्ष सहित कई विशिष्ट अतिथि रहे मौजूद

इस्कॉन मंदिर में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया श्री श्री नित्यानंद त्रयोदशी महा महोत्सव

इस्कॉन मंदिर में श्री श्री नित्यानंद त्रयोदशी महा महोत्सव का भव्य आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। भगवान श्री नित्यानंद के प्राकट्य दिवस पर आयोजित इस महोत्सव में हरिनाम संकीर्तन, कथा, महाअभिषेक और महाप्रसाद के माध्यम से भक्तों ने आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की।

दुर्ग। इस्कॉन दुर्ग के तत्वावधान में आयोजित श्री श्री नित्यानंद त्रयोदशी महा महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस्कॉन दुर्ग के प्रभारी श्रीमान अनंत श्याम दास (प्रभु जी) ने पर्व की महत्ता बताते हुए कहा कि श्री नित्यानंद प्रभु स्वयं श्री बलराम जी के स्वरूप हैं और वे श्री चैतन्य महाप्रभु के हरिनाम संकीर्तन आंदोलन के प्रमुख सहयोगी रहे हैं।

उन्होंने बताया कि नित्यानंद त्रयोदशी भगवान की कृपा और करुणा का उत्सव है, जिसमें भक्त प्रेम और भक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ते हैं। महोत्सव के दौरान श्री श्री गौर निताई जी का विधिवत महाअभिषेक किया गया, साथ ही 108 महाभोग अर्पित किए गए। कथा, संकीर्तन और भजन-कीर्तन से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा।

इस अवसर पर इस्कॉन अयोध्या के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भक्त श्रीमान षड्भुज गौर प्रभु जी का दुर्ग आगमन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। उनके प्रवचनों ने भक्तों को आध्यात्मिक दृष्टि से प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्री अरुण वोरा एवं कांग्रेस दुर्ग शहर अध्यक्ष श्री धीरज बाकलीवाल भी उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए आध्यात्मिक आयोजनों को समाज के लिए सकारात्मक बताया।

महोत्सव का समापन भक्तों को महाप्रसाद वितरण के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।