दुर्ग में नाबालिग से वर्षों तक यौन उत्पीड़न का सनसनीखेज मामला उजागर
छह आरोपियों पर 8 साल तक दुष्कर्म व सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, दो गिरफ्तार, अन्य की तलाश तेज
दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिले में नाबालिग से लंबे समय तक यौन अपराध का गंभीर मामला सामने आया है। महिला थाना क्षेत्र अंतर्गत पीड़िता के साथ आरोप है कि छह लोगों ने अलग-अलग समय पर वर्षों तक दुष्कर्म किया, जिसमें कई बार सामूहिक दुष्कर्म भी शामिल है। पीड़िता द्वारा साहस जुटाकर शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद मामले का खुलासा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, 30 जनवरी 2026 को पीड़िता अपनी माता के साथ महिला थाने पहुंची और विस्तृत शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि अप्रैल 2018 से अक्टूबर 2025 के बीच आरोपियों ने नाबालिग अवस्था में उसके साथ बार-बार यौन अपराध किए।
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लंबे समय तक चले इस अपराध का पीड़िता पर गहरा मानसिक और शारीरिक प्रभाव पड़ा है।
दो आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों—विजय स्वाइन (37 वर्ष), निवासी दुर्गा नगर पश्चिम भिलाई एवं अनिल चौधरी (60 वर्ष), निवासी ज़ोन-1 खुर्सीपार को गिरफ्तार कर लिया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी संवेदनशीलता और कानूनी प्रक्रिया के तहत की जा रही है, ताकि पीड़िता को न्याय दिलाया जा सके और सभी दोषियों को कठोर दंड मिले। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।
suntimes 