सिविक सेंटर क्षेत्र में 15 फरवरी से 22 फरवरी तक विशाल रामकथा का आयोजन.....

दुर्ग जिले के सिविक सेंटर क्षेत्र में 15 फरवरी से 22 फरवरी तक विशाल रामकथा का आयोजन होगा। जिसमें एमपी के जबलपुर से अनिकेत कृष्ण महराज, पंजाब के दोराहा से साध्वी निशा ऋतंभरा और वाराणसी उत्तर प्रदेश से साध्वी रिचा मिश्रा कथा करेंगे। सुबह 10 बजे झांकी और ढोल ताशों के साथ विशाल कलश यात्रा निकाली गई।
दरअसल, कथा शुरू होने से पहले सुबह 10 बजे से 500 से अधिक महिलाओं ने झांकी और ढोल ताशों के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली। इसकी शुरुआत गणेश मंदिर सेक्टर 5 से शुरू हुई और सेंट्रल एवेन्यू चौक, बेरोजगार चौक से होते हुए सिविक सेंटर कथा स्थल पर समाप्त हुई। इससे पहले बीजेपी सांसद विजय बघेल राम भद्राचार्य की राम कथा कराने वाले थे। अचानक उनकी तबीयत खराब होने से वो नहीं आ पाए। जिस पर बघेल ने कई बड़े राष्ट्रीय वक्ता के सानिध्य में राम कथा कराने का निर्णय लिया।
इस विशाल धार्मिक आयोजन में कई बड़े राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के कथा वक्ता शामिल होंगे। इसमें अनिकेत कृष्ण महाराज नर्मदा तट वाले भी पहुंच रहे हैं। वो यहां 16 और 17 फरवरी को दोपहर 2.30 बजे से हनुमंत कथा पर प्रवचन और शाम 8 बजे से दिव्य दरबार हरि इच्छा तक करेंगे। इस कार्यक्रम में पंजाब के दोराहा से साध्वी निशा ऋतंभरा भी कथा करने आ रही हैं। कथा व्यास ऋतंभरा राम भक्तों को भक्ति सागर में गोता लगवाएंगे। इनका प्रवचन 21 और 22 फरवरी को होगा l इसके साथ ही वाराणसी उत्तर प्रदेश से साध्वी रिचा मिश्रा भी कथा वाचक के रूप में मौजूद रहेंगी।
आयोजन समिति के निशु पाण्डेय ने बताया कि दुर्ग सांसद विजय बघेल ने छत्तीसगढ़वासियों के सुख शान्ति और उनकी निरोगी काया के लिये राम भक्तों संग 20 फरवरी को स्वयं सुन्दर कांड करेंगे। इसके साथ ही भिलाई के इतिहास का अब तक का सबसे विशाल धार्मिक आयोजन किया जाएगा।
इसमें कथा के साथ-साथ एक एकड़ क्षेत्रफल में 108 यज्ञ कुंडों का निर्माण किया गया है। इस आयोजन में श्रीराम बालक दास महाराज सिद्धि प्राप्त संतों के सानिध्य में 108 कुंडीय संकट मोचन, मनोकामना पूर्ति के लिए हनुमत महायज्ञ करके भिलाई के वातावरण को शुद्ध करेंगे।