मनगटा रिसॉर्ट युवती मौत मामला: संचालक सहित तीन आरोपी गिरफ्तार, दुष्कर्म का आरोप
पार्टी के बाद रिसॉर्ट पहुंचा था समूह, बाथरूम में मिला था 24 वर्षीय युवती का शव; पुलिस जुटा रही साक्ष्य
राजनांदगांव। जिले के मनगटा स्थित व्हिस्लिंग वुड्स रिसॉर्ट में 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस जांच में नया मोड़ सामने आया है। मामले में रिसॉर्ट संचालक सहित तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर रिसॉर्ट संचालक पर युवती के साथ दुष्कर्म का अपराध दर्ज किया है। वहीं युवती की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद होने की बात पुलिस ने कही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में भिलाई निवासी आशुतोष हिरवानी, घनश्याम बेलचंदन और छत्रपाल शामिल हैं। आशुतोष को रिसॉर्ट संचालक बताया जा रहा है। जांच में सामने आया है कि युवती को जबरन शराब पिलाने और उसके साथ मारपीट व दुष्कर्म की आशंका के आधार पर कार्रवाई की गई है। पुलिस को युवती के शरीर पर चोट के निशान मिलने की जानकारी भी सामने आई है।
घटना की रात रिसॉर्ट में कई लोग मौजूद थे। पुलिस के मुताबिक तीन युवक और दो युवतियां भिलाई से पहुंचे थे, जबकि कुछ अन्य युवक रायपुर से आए थे। सभी के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस उस युवती की भूमिका की भी जांच कर रही है, जो घटना के समय मृतका के साथ मौजूद थी।
बताया गया कि घटना से पहले सभी लोग रायपुर में पार्टी करने गए थे और देर रात रिसॉर्ट लौटे थे। गुरुवार सुबह रिसॉर्ट के बाथरूम में युवती का शव मिला, जिसके बाद हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने रिसॉर्ट के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। साथ ही घटनास्थल से मिले सबूतों और मौजूद लोगों के बयानों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। मृतका भिलाई-3 क्षेत्र की रहने वाली बताई गई है।
मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, विसरा जांच और अन्य तकनीकी जांच के बाद पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ हो सकेगी।
suntimes 