*दुर्ग में आग से प्रभावित परिवारों से मिले अरुण वोरा,संकट की घड़ी में जताई संवेदना*

*दुर्ग में आग से प्रभावित परिवारों से मिले अरुण वोरा,संकट की घड़ी में जताई संवेदना*

दुर्ग : दुर्ग के पूर्व विधायक एवं कांग्रेस के प्रदेश के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री अरुण वोरा बीते दिनों जगन्नाथ पुरी प्रवास पर थे। प्रवास से लौटते ही उन्होंने दुर्ग में हाल ही में हुई गंभीर आगजनी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए प्रभावित पीड़ितों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।

सबसे पहले अरुण वोरा इंदिरा मार्केट स्थित ‘रोबदार शूज़’ पहुँचे, जहाँ कुछ दिन पूर्व देर रात भीषण आग लगने से लाखों-करोड़ों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया था। उन्होंने मौके पर पहुँचकर दुकान संचालक से मुलाकात की, गहरी संवेदनाएँ व्यक्त कीं और इस कठिन समय में उन्हें हौसला प्रदान किया।

इस दौरान श्री वोरा ने कहा कि यह एक अत्यंत गंभीर हादसा था, जो और भी विकराल रूप ले सकता था। आसपास की अन्य दुकानें भी इसकी चपेट में आ सकती थीं। उन्होंने राहत जताई कि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, किंतु यह घटना एक चेतावनी है कि भविष्य में ऐसी लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने निगम प्रशासन को निर्देशित करते हुए कहा कि शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाओं से बचाव हेतु ढीली एवं जर्जर विद्युत वायरिंग को तत्काल दुरुस्त किया जाए, विद्युत व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए तथा सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए। साथ ही उन्होंने व्यापारी भाइयों से भी अपील की कि वे अपनी दुकानों में फायर सेफ्टी के पर्याप्त एवं आधुनिक इंतजाम सुनिश्चित करें।

इसके पश्चात अरुण वोरा उरला क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 57, मुर्रा भट्ठा रोड पहुँचे, जहाँ 28 मार्च 2026 की रात लगभग 12:30 बजे लोकेश साहू (स्वर्गीय सुखीलाल साहू) के घर में भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में घर का अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया, साथ ही वहाँ संचालित मूर्ति निर्माण कार्य से जुड़ी सामग्री भी पूरी तरह समाप्त हो गई, जिससे परिवार को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी। वोरा ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर इस दुखद घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की और उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन भी दिया। वहीं, परिवार के सदस्यों ने भी प्रशासन से शीघ्र राहत एवं मुआवजा दिलाने हेतु वोरा से निवेदन किया।

अरुण वोरा ने कहा कि ऐसे कठिन समय में पीड़ित परिवारों को त्वरित सहायता और संबल प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, ताकि वे इस संकट से उबर सकें।

इस दौरान उनके साथ पूर्व महापौर आर.एन. वर्मा, फतेह भाटिया, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार पाली, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजकुमार नरयानी, छाया पार्षद निकिता सिंह, छाया पार्षद मोहित वाल्डे, पप्पू श्रीवास्तव, त्रिशरण डोंगरे, अजय गुप्ता एवं नरसिंह कुकरेजा भी शामिल रहे।