खास समाचार : भिलाई में पीलिया का कहर, 9 नए मरीज; कुल 24 संक्रमित

गंदे पानी से फैला पीलिया, भिलाई में 24 मरीजों तक पहुंचा आंकड़ा

भिलाई के सेक्टर-7 क्षेत्र में पीलिया के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ताजा जांच में 9 नए मरीज सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 24 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने इलाके में कैंप लगाकर जांच और उपचार की प्रक्रिया तेज कर दी है।

दुर्ग-भिलाई। भिलाई नगर के वार्ड-67, सेक्टर-7 पश्चिम (सड़क 37ए) इलाके में पीलिया का संक्रमण तेजी से फैलता नजर आ रहा है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर व्यापक सर्वे और जांच की। इस दौरान 104 घरों में पहुंचकर लोगों के ब्लड सैंपल लिए गए, जिसमें 9 नए मरीजों की पुष्टि हुई।

स्वास्थ्य अमले ने मौके पर कैंप लगाकर संदिग्ध मरीजों की जांच की और पूर्व में लिए गए सैंपल की रिपोर्ट भी वितरित की। अब तक इस क्षेत्र में पीलिया के कुल 24 मामले सामने आ चुके हैं। नए मिले मरीजों में से एक को अस्पताल में भर्ती किया गया है, जबकि कुल 9 मरीज वर्तमान में इलाज के लिए भर्ती हैं।

भर्ती मरीजों में 5 मरीज शंकराचार्य इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस, भिलाई और 4 मरीज पल्स अस्पताल, भिलाई-1 में उपचाराधीन हैं। चिकित्सकों के अनुसार सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है।

इधर, टाउनशिप में पीलिया फैलने के पीछे जल आपूर्ति की पुरानी व्यवस्था को जिम्मेदार माना जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में 40 से 50 वर्ष पुरानी पाइपलाइन से पानी सप्लाई हो रहा था, जिसकी कई बार शिकायत भी की गई थी।

स्थिति को गंभीरता से लेते हुए बीएसपी और एचएससीएल प्रबंधन ने पाइपलाइन बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नई पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कों की खुदाई की जाएगी और पुराने पाइप को हटाकर नई लाइन के माध्यम से घरों तक स्वच्छ पानी पहुंचाया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित इलाके में लगातार कैंप लगाकर जांच जारी रखी है। अधिकारियों के मुताबिक पीलिया दूषित पानी और संक्रमित भोजन से फैलने वाली बीमारी है, जिसके लक्षण संक्रमण के 15 से 50 दिनों के भीतर दिखाई देते हैं।

डॉक्टरों ने नागरिकों को साफ पानी पीने और स्वच्छ भोजन करने की सलाह दी है। पीलिया के प्रमुख लक्षणों में भूख कम लगना, पेशाब का पीला होना, उल्टी, सिरदर्द, कमजोरी, पेट दर्द तथा आंखों और त्वचा का पीला पड़ना शामिल हैं। ऐसे लक्षण नजर आने पर तुरंत जांच कराने की अपील की गई है।