नेशनल कयाकिंग-कैनोइंग में दम दिखाएंगी छत्तीसगढ़ की बेटियां, 26 सदस्यीय टीम भोपाल रवाना

8 से 10 अगस्त तक भोपाल में होगी अस्मिता नेशनल कयाकिंग एंड कैनोइंग प्रतियोगिता, खेल संचालक तनुजा सलाम ने खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं।

नेशनल कयाकिंग-कैनोइंग में दम दिखाएंगी छत्तीसगढ़ की बेटियां, 26 सदस्यीय टीम भोपाल रवाना

भोपाल में आयोजित होने वाली अस्मिता नेशनल कयाकिंग एंड कैनोइंग प्रतियोगिता-2026 में हिस्सा लेने के लिए छत्तीसगढ़ की 26 सदस्यीय महिला टीम गुरुवार को रवाना हुई। हाल ही में जोनल लीग में 19 पदक जीतकर उपविजेता बनी टीम अब राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश के लिए पदक जीतने के इरादे से प्रतियोगिता में अपनी चुनौती पेश करेगी।

रायपुर। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 8 से 10 अगस्त तक आयोजित होने वाली अस्मिता नेशनल कयाकिंग एंड कैनोइंग प्रतियोगिता-2026 में भाग लेने के लिए छत्तीसगढ़ की 26 सदस्यीय महिला टीम गुरुवार को रवाना हुई। प्रस्थान से पहले खिलाड़ियों ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आईएएस तनुजा सलाम से सौजन्य भेंट की, जिन्होंने टीम का उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन और अधिक से अधिक पदक जीतने की शुभकामनाएं दीं।

छत्तीसगढ़ की महिला टीम हाल ही में रायपुर में आयोजित अस्मिता जोनल लीग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर चुकी है। टीम ने आठ स्वर्ण, तीन रजत और आठ कांस्य सहित कुल 19 पदक जीतकर उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया था। इसी प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।

राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए चयनित खिलाड़ियों में तन्नू साहू, प्रिया निषाद, पलक साहू, सोनम पुजारी, मुस्कान भारती, दुतिका कश्यप, सुमनी नाग, ईशा गोयल, अंजना गोयल, मालती कश्यप, रौशनी सोढ़ी, सीमा यादव, मनमती बघेल, पलक चौधरी, मानवी साहू, प्यारे साहू, राधा दांगी, वंशिका, गार्गी सिंह, कौशल नंदनी, स्वाति साहू, नीतू सोनवणे, कंचन नाग, कृष्णा कछारे और कशिश निर्मलकर शामिल हैं।

टीम की रवानगी के अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कयाकिंग एंड कैनोइंग संघ के संयुक्त सचिव प्रशांत सिंह रघुवंशी, कोच पिंकी साहू, कोच अशोक साहू, अशोक दुबे सहित संघ के पदाधिकारी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे। वहीं संघ के अध्यक्ष बलदेव सिंह भाटिया, सचिव अभिजीत मिश्रा तथा अन्य पदाधिकारियों ने भी खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश का नाम रोशन करने का विश्वास व्यक्त किया।