न्यूज पोर्टल की आड़ में ब्लैकमेलिंग का खेल! AI से बनाता था अश्लील तस्वीरें, कारोबारी गिरफ्तार
लोगों की फोटो से छेड़छाड़ कर भ्रामक खबरें प्रसारित करने का आरोप, बिलासपुर पुलिस ने रायपुर में दी दबिश; दो मोबाइल जब्त
बिलासपुर। डिजिटल तकनीक का दुरुपयोग कर लोगों को बदनाम करने और कथित तौर पर उनसे पैसे ऐंठने के मामले में पुलिस ने होटल कारोबारी दीपक टंडन को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से लोगों की सामान्य तस्वीरों को आपत्तिजनक स्वरूप देता था। इसके बाद न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक खबरें प्रसारित कर संबंधित लोगों को बदनामी का डर दिखाकर ब्लैकमेल करता था। बिलासपुर पुलिस ने आरोपी को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से पकड़ा है।
पुलिस की शुरुआती जांच में आरोपी के मोबाइल फोन से कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिलने की बात सामने आई है। दोनों मोबाइल फोन जब्त कर डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। दीपक टंडन का नाम पूर्व में तत्कालीन डीएसपी कल्पना वर्मा से जुड़े चर्चित विवाद में भी सामने आया था।
मणीशंकर पांडेय की शिकायत से खुला मामला
मामले की शुरुआत 29 अक्टूबर को दर्ज शिकायत से हुई। तिफरा के महाराणा प्रताप नगर निवासी मणीशंकर पांडेय ने सिरगिट्टी थाने में शिकायत देकर बताया था कि उनकी तस्वीरों के साथ डिजिटल छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक सामग्री तैयार की गई और उसे भ्रामक खबरों के रूप में प्रसारित किया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इस सामग्री के जरिए उनकी छवि धूमिल करने और दबाव बनाकर रकम वसूलने का प्रयास किया गया।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। तकनीकी जांच में दीपक टंडन की संलिप्तता सामने आने पर उसकी तलाश की गई। लोकेशन रायपुर में मिलने के बाद पुलिस टीम ने 6 नवंबर को अपार्टमेंट में कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले, अन्य लोगों की भी जांच
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार कारोबारी के खिलाफ पहले भी आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी है। जब्त मोबाइल फोन में मिली डिजिटल सामग्री की जांच के साथ यह पता लगाया जा रहा है कि कथित तौर पर तैयार की गई आपत्तिजनक सामग्री किन लोगों के खिलाफ इस्तेमाल की गई। इस पूरे नेटवर्क में अन्य व्यक्तियों की भूमिका और आर्थिक लेनदेन की भी पड़ताल की जा रही है।
कल्पना वर्मा के साथ विवाद के बाद आया था चर्चा में
दीपक टंडन का नाम डीएसपी कल्पना वर्मा से जुड़े विवाद के बाद प्रदेश स्तर पर चर्चा में आया था। कारोबारी ने आरोप लगाया था कि डीएसपी ने उसे प्रेम संबंध में फंसाकर शादी का भरोसा दिया और इस दौरान करोड़ों रुपए, महंगी गाड़ी तथा गहने लिए। दूसरी ओर, कल्पना वर्मा ने कारोबारी के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा था कि उसने उनकी सोशल मीडिया तस्वीरों का इस्तेमाल कर फर्जी चैट तैयार की हैं। उन्होंने इस मामले में कानूनी कार्रवाई की बात कही थी। अब फर्जी खबरों और कथित ब्लैकमेलिंग के नए मामले में दीपक टंडन की गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों प्रकरणों से जुड़े तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों की अलग-अलग जांच कर रही है।
suntimes 