प्रतियोगी परीक्षाओं पर फिर अनिश्चितता, SI-सूबेदार का एग्जाम टला
341 पदों के लिए चयनित अभ्यर्थियों को झटका, 2 से 4 नवंबर तक प्रस्तावित थी मुख्य परीक्षा; आयोग ने नई तारीख नहीं बताई
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने सूबेदार, उप निरीक्षक और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2024 की मुख्य परीक्षा स्थगित कर दी है। परीक्षा पहले अक्टूबर में प्रस्तावित थी, जिसे बाद में नवंबर के शुरुआती दिनों के लिए तय किया गया था। अब आयोग ने अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए परीक्षा कार्यक्रम रद्द कर दिया है। इससे मुख्य परीक्षा के लिए चयनित 7,301 अभ्यर्थियों को फिर से नई तारीख का इंतजार करना पड़ेगा।
परीक्षा कार्यक्रम पर फिर लगा विराम
मुख्य परीक्षा को लेकर आयोग ने पहले 24 से 26 अक्टूबर की तारीखें तय की थीं। इसके बाद कार्यक्रम बदलकर 2 से 4 नवंबर कर दिया गया। अब इन तारीखों पर भी परीक्षा आयोजित नहीं होगी। आयोग की ओर से जारी सूचना में परीक्षा स्थगित करने के पीछे अपरिहार्य कारण बताए गए हैं। हालांकि, नई तारीखों को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बार-बार कार्यक्रम में बदलाव परेशानी का कारण बन रहा है। अब उन्हें परीक्षा की अगली समय-सारिणी जारी होने तक इंतजार करना होगा।
प्रारंभिक परीक्षा में 7301 अभ्यर्थी सफल
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत सूबेदार, एसआई संवर्ग और प्लाटून कमांडर के 341 पद भरे जाने हैं। प्रारंभिक परीक्षा 12 जुलाई 2026 को प्रदेश के 33 जिलों में आयोजित की गई थी। परीक्षा के लिए 183 केंद्र बनाए गए थे। परिणाम 4 अगस्त को जारी हुआ, जिसमें 7,301 अभ्यर्थियों ने मुख्य परीक्षा के लिए जगह बनाई थी।
शिक्षक भर्ती परीक्षा पर रोक के बाद बढ़ी चिंता
प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं को लेकर हाल में कई घटनाक्रम सामने आए हैं। शिक्षक भर्ती परीक्षा पर हाईकोर्ट के आदेश के बाद रोक लगाई गई थी। वहीं, सीजीपीएससी-2025 की परीक्षा को लेकर भी रोक की खबर सामने आई थी। इन घटनाओं के बीच एसआई-सूबेदार भर्ती की मुख्य परीक्षा स्थगित होने से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं की चिंता बढ़ गई है। बिलासपुर में शिक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर अभ्यर्थी कैंडल मार्च निकालकर विरोध भी जता चुके हैं।
रिजल्ट की सूची के नामों पर भी उठा था सवाल
सीजीपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम के बाद चयन सूची में शामिल कुछ नाम सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने थे। ‘NEWS’, ‘SPACE RANI’, ‘HE RAM’ और ‘BHAKT PRAHLAD’ जैसे नाम सामने आने के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी हुई थी। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कुछ नामों को लेकर सरकार पर निशाना साधा था, जबकि कांग्रेस ने भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की थी।
आयोग ने इस पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा था कि सूची में नाम ऑनलाइन आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार दर्ज किए गए हैं। ‘NEWS’ नाम से चयनित न्यूज कुमार प्रधान समेत कुछ अभ्यर्थियों ने वीडियो जारी कर अपने नाम को सही बताते हुए दस्तावेजों का हवाला दिया था।
फिलहाल मुख्य परीक्षा की नई तारीख घोषित नहीं हुई है। ऐसे में अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक सूचना का इंतजार है।
suntimes 