प्लाईवुड फैक्ट्री में भीषण आग, 6 घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
बड़े पुर्दा स्थित फाइनेस्ट एग्रो इंटरप्राइजेस में देर रात हुआ हादसा, तीन दमकल टीमों ने संयुक्त अभियान चलाकर आग पर पाया काबू, जनहानि की सूचना नहीं।
दुर्ग जिले के बड़े पुर्दा स्थित प्लाईवुड निर्माण फैक्ट्री में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात अचानक भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में रखा कच्चा माल आग की चपेट में आने से लपटों ने विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन विभाग की तीन दमकल टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब पांच से छह घंटे तक चले राहत एवं बचाव अभियान में लगभग 1 लाख 28 हजार लीटर पानी का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा कार्यालय से तीन दमकल टीमों को तत्काल रवाना किया गया। मौके पर पहुंची टीमों ने आग की भयावहता को देखते हुए संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला। दमकलकर्मियों ने आधुनिक अग्निशमन उपकरणों और सूझबूझ का इस्तेमाल करते हुए लगातार पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया।
करीब पांच से छह घंटे तक चले इस अभियान में लगभग 28 दमकल टैंकर पानी, यानी करीब 1 लाख 28 हजार लीटर पानी का उपयोग किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ी दुर्घटना को टालने में सफलता मिली।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आगजनी में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी श्री दिनेश कुमार राउटे के नेतृत्व में दल प्रभारी विजय चतुर्वेदी, महेंद्र चंदेल एवं धनु यादव सहित अग्निशमन कर्मचारियों ने अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में मनोज, नागेश, पराग, रूपेन्द्र, नरोत्तम टंडन, हीरामन, धर्मेंद्र, उमाशंकर, हरीश, शारदा प्रसाद और मनीष शामिल रहे।
suntimes 