बस्तर में गांजा तस्करी पर पुलिस का वार, ओडिशा से रायपुर जा रही खेप जब्त
छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर दो तस्कर गिरफ्तार, 11.67 किलो गांजा बरामद; कीमत करीब 5.84 लाख रुपए
जगदलपुर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बस्तर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 11 किलो 673 ग्राम गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 5.84 लाख रुपये बताई गई है। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी इस खेप को ओडिशा से रायपुर ले जाकर बेचने की तैयारी में थे।
पुलिस के मुताबिक 21 जुलाई को सूचना मिली थी कि धनपुंजी फॉरेस्ट नाका के पास दो संदिग्ध युवक बैग लेकर बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही नगरनार थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।
बैग से मिले गांजे के 10 पैकेट
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान ललित कुशुलिया और बिरन्ची गोरोडिया, निवासी जिला रायगढ़ा (ओडिशा) के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उनके बैग से 10 पैकेटों में भरा गांजा बरामद हुआ। मौके पर कराए गए वजन में कुल 11.673 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत 5 लाख 83 हजार 650 रुपये आंकी गई।
रायपुर में खपाने की थी तैयारी
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर रायपुर पहुंचने वाले थे, जहां इसकी अवैध बिक्री की योजना थी। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
नगरनार थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
सीएसपी सुमीत कुमार ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
suntimes 