भारत से मिली शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तानी कप्तान का बड़ा बयान, एक गलती को ठहराया जिम्मेदार

भारत से मिली शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तानी कप्तान का बड़ा बयान, एक गलती को ठहराया जिम्मेदार

विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में भारत से मिली 64 रनों की करारी शिकस्त के बाद पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना का दर्द छलका। इस मैच में टीम की इस बड़ी गलती पर कप्तान ने क्या कहा, जानिए।

विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले ही मैच में पाकिस्तान को भारत के हाथों 64 रनों की करारी और शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। बर्मिंघम के एजबेस्टन (Edgbaston) स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। इस बड़ी हार के बाद पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना बेहद निराश दिखीं और उन्होंने टीम की फ्लॉप बैटिंग और खराब फील्डिंग पर खुलकर अपनी भड़ास निकाली।

स्मृति और दीप्ति ने बिगाड़ा खेल

मैच में पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही थी, लेकिन स्टार ओपनर स्मृति मंधाना की 68 रनों की तूफानी पारी और कप्तान हरमनप्रीत कौर के 36 रनों की बदौलत भारत ने वापसी की। आखिरी ओवरों में ऋचा घोष ने तेजी से 34 रन बनाकर भारत का स्कोर 170/6 तक पहुंचा दिया। जवाब में पाकिस्तानी टीम भारतीय स्पिनर्स के आगे टिक नहीं पाई। दीप्ति शर्मा ने घातक गेंदबाजी करते हुए 10 रन देकर 5 विकेट चटकाए, जिससे पाकिस्तान की पूरी टीम 17 overs में महज 106 रनों पर सिमट गई।

कप्तान फातिमा सना को इस बात पर अफसोस

मैच खत्म होने के बाद कप्तान फातिमा सना ने कहा कि टीम की बैटिंग बेहद निराशाजनक रही। उन्होंने कहा, 'हमें अगले मैचों में अपनी परफॉर्मेंस सुधारनी होगी क्योंकि वर्ल्ड कप में अभी लंबा रास्ता तय करना है।' फातिमा ने माना कि उनकी टीम ने आखिरी के 5 ओवरों में मैच पर से कंट्रोल खो दिया और एक्स्ट्रा रन लुटा दिए।

कैच छोड़ोगे तो मैच हारोगे'

पाकिस्तानी कप्तान ने हार का सबसे बड़ा विलेन खराब फील्डिंग को बताया। पाकिस्तान ने भारत की मैच-विनर स्मृति मंधाना के दो बेहद आसान कैच छोड़े, जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा। फातिमा सना ने कहा, 'साफ बात है, कैच ही मैच जिताते हैं। दुर्भाग्य से हमने कैच छोड़े। हमें अपनी बॉलिंग और फील्डिंग दोनों में सुधार करना होगा, क्योंकि मैदान पर ऐसी गलतियां मैच छीन लेती हैं।'