LSG की उलझी हुई रणनीति, MI का आक्रामक अंदाज़, CSK की फीकी शुरुआत, दिलचस्प रहा आईपीएल का पहला दौर

LSG की उलझी हुई रणनीति, MI का आक्रामक अंदाज़, CSK की फीकी शुरुआत, दिलचस्प रहा आईपीएल का पहला दौर

टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों ने काफी कुछ साफ कर दिया है। किसी टीम ने उम्मीद से बेहतर शुरुआत की, तो कोई पहले ही मैच में सवालों के घेरे में आ गई। आइए एक नजर डालते हैं हर टीम पर।

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के पहले राउंड के मुक़ाबले हो चुके हैं। सभी 10 टीमों ने एक - एक मैच खेल लिया है। टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों ने काफी कुछ साफ कर दिया है। किसी टीम ने उम्मीद से बेहतर शुरुआत की, तो कोई पहले ही मैच में सवालों के घेरे में आ गई। आइए एक नजर डालते हैं हर टीम पर।

CSK फिर आखिरी पायदान पर

2025 में आखिरी स्थान पर रही चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) इस बार भी टेबल के सबसे नीचे है, और नेट रन रेट भी बुरी तरह नकारात्मक है। टीम चोटों से प्रभावित है, लेकिन रणनीति भी कमजोर दिखी। राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ उन्हें पहले बल्लेबाजी करने का मौका मिला। युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे को ओपनिंग से हटाकर रुतुराज गायकवाड़ खुद संजू सैमसनके साथ सलामी बल्लेबाजी के लिए आए। लेकिन यह रणनीति पूरी तरह फ्लॉप साबित हुई।

मुंबई ने खत्म किया सूखा

2012 के बाद से मुंबई इंडियंस (MI) अपना सीजन का पहला मैच नहीं जीत पाई थी, लेकिन 2026 में यह सिलसिला टूट गया। मुंबई ने पहले ही मुक़ाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को बुरी तरह रौंद दिया। मुंबई की टीम कागज पर बेहद मजबूत है। मिच सेंटनर और विल जैक्स अभी उपलब्ध भी नहीं हैं, फिर भी टीम ने धमाकेदार प्रदर्शन किया है। रोहित शर्मा ने ताबड़तोड़ अर्धशतक जड़कर पुराने दिनों की याद दिला दी।

RCB का आक्रामक अंदाज

लगातार दूसरी बार आईपीएल जीतना आसान नहीं होता, लेकिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने पहले ही मैच में अपना इरादा जाहिर कर दिया। जैकब डफी ने तेज गेंदबाजी में कमाल किया। विराट कोहली एक बार फिर पुराने अंदाज़ में दिखे, लेकिन देवदत्त पडिक्कल और राजत पाटीदार की आतिशी पारियों ने इस बात का संकेत है कि यह टीम सिर्फ एक खिलाड़ी पर नहीं टिकी। सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ 200 से ज्यादा का लक्ष्य उन्होंने बेहद आसानी से हासिल किया।

पंजाब की गहराई कमाल की

इम्पैक्ट प्लेयर के इस दौर में भी जिस टीम के नंबर आठ पर मार्को जेन्सन उतरें, उसकी बल्लेबाजी की गहराई का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है। जेवियर बार्टलेट नौवें नंबर पर आकर मैच पलट देते हैं, और कूपर कॉनली पहले ही मैच में तीसरे नंबर पर अपनी छाप छोड़ गए। टीम की गेंदबाजी भी संतुलित दिखी। पंजाब इस बार असली दावेदार लग रही है।

वैभव का जलवा बरकरार

दूसरे सीजन का दबाव? फिलहाल तो नहीं दिखा। राजस्थान रॉयल्स (RR) के वैभव सूर्यवंशी ने U19 विश्व कप फाइनल के बाद जहां फॉर्म छोड़ा था, वहीं से आईपीएल का यह सीजन शुरू किया। पॉइंट के ऊपर से जो लॉफ्टेड कट शॉट छक्के के लिए गया, वो देखते ही बनता था। संजू सैमसन के बिना भी राजस्थान रॉयल्स की बल्लेबाजी बहुत आक्रामक दिख रही है। रवींद्र जडेजा और रवि बिश्नोई के आने से गेंदबाजी भी मजबूत हुई है।

KKR की गेंदबाजी चिंताजनक

कप्तान अजिंक्य रहाणे और फिन एलन ने शुरुआत तो धमाकेदार की, लेकिन बाकी बल्लेबाज उस लय को बनाए नहीं रख सके। 220 का स्कोर उस मैदान पर कम लगा जहां विश्व कप सेमीफाइनल में 250 के करीब का लक्ष्य भी लगभग हासिल हो गया था। कैम ग्रीन गेंदबाजी नहीं कर पाए, यह अलग बात है, लेकिन पेस अटैक काफी कच्चा दिखा। वरुण चक्रवर्ती की हालिया फॉर्म भी परेशान करने वाली है।

SRH की गेंदबाजी में दम नहीं

सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल में 250 के स्कोर का नया चलन शुरू किया था, और बल्लेबाजी में अभी भी वो आग है। लेकिन बेंगलुरु में शुरुआती विकेट जल्दी गिरने से वो जम नहीं पाए। इससे भी बड़ी चिंता गेंदबाजी है, पैट कमिंस के लौटने के बाद भी यह अटैक प्लेऑफ की दौड़ में टिकने के लिए पर्याप्त नहीं लगता।

GT को चाहिए नया गियर

गुजरात टाइटंस (GT) की बल्लेबाजी का तरीका काफी पुराने जमाने का लगता है। यह संयमित, रक्षात्मक और सतर्क है, ठीक उसी तरह जैसा उनका कोच आशीष नेहरा खुद खेलते थे। नई चंडीगढ़ की पिच पर यह रणनीति लगभग काम कर गई और टीम मुश्किल स्थिति से निकलने में सफल रही। लेकिन सवाल यह उठता है कि क्या आधुनिक टी20 क्रिकेट में बिना लगातार आक्रामकता के गुजरात टाइटंस लंबे समय तक आगे बढ़ पाएगी? आज के टी20 फॉर्मेट में रन रेट तेज रखना और मैच के हर चरण में दबाव बनाए रखना बेहद जरूरी हो गया है। अगर गुजरात टाइटंस अपनी पुरानी संयमित शैली पर ही अड़ी रही, तो आगे आने वाले मुकाबलों में उसे नुकसान हो सकता है।

DC के लिए उम्मीद की किरण

टॉप ऑर्डर पूरी तरह फ्लॉप रहा, लेकिन दिल्ली कैपिटल्स के प्रबंधन को इससे ज्यादा चिंता नहीं होनी चाहिए। लुंगी एनगिडी की धीमी गेंदें, टी. नटराजन की झलक और कुलदीप यादव का साथ, गेंदबाजी संतुलित दिखी। समीर रिजवी इम्पैक्ट सब के रूप में उतरे और अपना सबसे अच्छा आईपीएल प्रदर्शन किया। अक्षर पटेल की टीम में काफी कुछ सकारात्मक है।

LSG की रणनीति समझ से परे

नए रंग, नया लोगो, लेकिन वही उलझन। ऋषभ पंत को ओपनिंग पर भेजा, मिशेल मार्श और एडन मार्कराम की खतरनाक जोड़ी को तोड़ दिया। आईपीएल 2025 के सबसे सफल गेंदबाज दिगवेश राठी को प्लेइंग 11 में जगह ही नहीं दी और फिर कोलैप्स रोकने के लिए शाहबाज़ अहमद को उतारा। LSG को गंभीरता से सोचना होगा कि वो चाहते क्या हैं।