भिलाई की पाइप लाइन ठीक, अब दुर्ग में मरम्मत शुरू....दुर्ग-भिलाई निगम क्षेत्र में आज शाम नहीं आएगा पानी

छत्तीसगढ़ के दुर्ग, भिलाई और रिसाली नगर निगम क्षेत्र में आज की शाम पानी सप्लाई नहीं होगी। बिजली के पोल लगाए जाने के चलते भिलाई निगम क्षेत्र में पानी सप्लाई बाधित रहेगी। इससे करीब 5 लाख लोगों को परेशानी होगी।
दरअसल, भिलाई और रिसाली नगर निगम ने 29 और 30 सितंबर को जलापूर्ति बाधित रहने का निर्णय लिया गया था, लेकिन अब सिर्फ आज शाम ही पानी सप्लाई नहीं होगी। शिवनाथ नदी से इंटकवेल में पाइप लाइन लीकेज के कारण जलापूर्ति बाधित करने का आदेश जारी किया गया था।
भिलाई के कमिश्नर बजरंग दुबे ने बताया कि उन्होंने इंजीनियर की टीम को मरम्मत के लिए भेजा था। वहां जाकर जब पाइप लाइन को खोदा गया तो पता चला कि जिस पाइप लाइन में लीकेज है, वह दुर्ग नगर निगम क्षेत्र में पानी सप्लाई करने वाली पाइप लाइन है। इसके बाद इसकी जानकारी दुर्ग नगर निगम के आयुक्त लोकेश चंद्राकर को दे दी गई है।
लोकेश चंद्राकर का कहना है कि उन्होंने सूचना मिलते ही इंजीनियर्स की टीम को वहां भेज दिया है। टीम मरम्मत का काम कर रही है। यह काम देर रात तक पूरा कर लिया जाएगा। दुर्ग कमिश्नर का कहना है कि मरम्मत के कार्य के चलते आज शाम को पानी की सप्लाई बाधित रह सकती है। रविवार सुबह से पानी अपने निर्धारित समय पर सभी घरों में आएगा।