महिलाओं से बैग-मोबाइल झपटने वाला शातिर गिरफ्तार, 7 वारदातों का खुलासा
खुर्सीपार से सुपेला तक वारदातों को देता था अंजाम, 3.60 लाख का सामान बरामद; सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से पहुंची पुलिस आरोपी तक
दुर्ग। शहर और आसपास के इलाकों में महिलाओं को निशाना बनाकर मोबाइल, जेवर, नकदी और जरूरी दस्तावेजों से भरे बैग झपटने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ खुर्सीपार, पुरानी भिलाई, जामुल, छावनी और सुपेला थाना क्षेत्रों में हुई सात झपटमारी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोटरसाइकिल समेत करीब 3 लाख 60 हजार रुपए कीमत का सामान बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान लक्ष्मण राव (29), पिता एस. सीमांचल राव, निवासी डीएमसी तालाब कुम्हारी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी वारदात के लिए होंडा सीबी शाइन मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करता था। वह भीड़भाड़ वाले मार्गों के साथ ऐसे स्थानों को चुनता था, जहां महिलाओं को अकेले या कम सुरक्षा के बीच निशाना बनाकर आसानी से फरार हो सके।
हाईवे और ओवरब्रिज बने वारदात के ठिकाने
जांच में सामने आया कि आरोपी ने नेशनल हाईवे, ओवरब्रिज और प्रमुख चौराहों के आसपास झपटमारी की घटनाओं को अंजाम दिया। वह मोटरसाइकिल से महिलाओं के करीब पहुंचता और मौका मिलते ही हाथ में रखा मोबाइल या बैग छीनकर तेज गति से निकल जाता था। बैग में जेवर, नकदी के साथ बैंकिंग और व्यक्तिगत दस्तावेज भी मिलते थे।
लगातार हो रही घटनाओं के बाद खुर्सीपार पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीसीयू) की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। टीम ने घटनास्थलों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की गतिविधियों का तकनीकी विश्लेषण किया। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों को जोड़कर जांच आगे बढ़ाई गई। मुखबिर से मिली जानकारी और तकनीकी सुराग के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची।
पांच थाना क्षेत्रों में वारदातों की कड़ी मिली
जांच में खुर्सीपार क्षेत्र में दो, पुरानी भिलाई में एक, जामुल में एक, छावनी में एक और सुपेला क्षेत्र में दो झपटमारी की घटनाओं में आरोपी की संलिप्तता सामने आई।
खुर्सीपार में तुलसी ट्रेडर्स के सामने खुर्सीपार चौक और डबरापारा ओवरब्रिज पर वारदात हुई थी। पुरानी भिलाई में नेशनल हाईवे पर मोबाइल छीना गया। जामुल के नंदनी रोड पर जेवर और नकदी से भरा बैग झपटा गया। छावनी क्षेत्र में पावर हाउस ओवरब्रिज पर बैग छीना गया। वहीं सुपेला में चंद्रा-मौर्या टॉकीज के पास और ओवरब्रिज पर दो अलग-अलग घटनाओं को अंजाम दिया गया था।
जेवर, मोबाइल और दस्तावेज भी बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 ग्राम का सोने का सिक्का, टूटा हुआ सोने का मंगलसूत्र, चार मोबाइल फोन, दो पर्स और बैग बरामद किए हैं। इसके अलावा 1,300 रुपए नकद और वारदात में इस्तेमाल होंडा सीबी शाइन मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
जांच के दौरान आरोपी के पास से राशन कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता परिचय पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी कार्ड और मेडिकल कार्ड भी मिले। विभिन्न बैंकों के एटीएम व डेबिट कार्ड, दो एसबीआई पासबुक, एक चेकबुक और डायरी भी पुलिस ने बरामद की है।
पुलिस के अनुसार अलग-अलग थानों में दर्ज घटनाओं को जोड़कर की गई जांच से झपटमारी की सात वारदातों की कड़ी सामने आई। मामले में आरोपी से आगे की पूछताछ की जा रही है।
suntimes 