वैशाली नगर में बेटियों के जन्म पर खास तोहफा, ‘माँ का दुलार’ किट की शुरुआत
1 मई से लागू योजना के तहत नवजात बेटियों और माताओं को मिलेगा आवश्यक सामग्रियों से भरा विशेष किट
*वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में बेटियों के जन्म को प्रोत्साहित करने और मातृ-शिशु देखभाल को मजबूत बनाने के उद्देश्य से एक अनोखी पहल की शुरुआत की गई है। विधायक रिकेश सेन ने ‘माँ का दुलार - माँ शिशु सुरक्षा कवच’ योजना के तहत नवजात बेटियों के लिए विशेष किट देने की घोषणा की है।*
भिलाई। वैशाली नगर। क्षेत्र में बेटियों के जन्म को सम्मान और सुरक्षा से जोड़ते हुए विधायक रिकेश सेन ने एक सराहनीय पहल की है। ‘माँ का दुलार - माँ शिशु सुरक्षा कवच’ योजना के तहत अब 1 मई 2026 के बाद जन्म लेने वाली हर बेटी को एक विशेष ‘गिफ्ट ट्रॉली सूटकेस’ प्रदान किया जाएगा, जिसमें माँ और शिशु की जरूरतों का पूरा ध्यान रखा गया है।
विधायक सेन ने योजना की घोषणा करते हुए भावुक अंदाज में कहा कि उन्होंने अपने बचपन में संसाधनों की कमी को करीब से देखा है। उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि वैशाली नगर की हर बेटी को जन्म के साथ ही बेहतर सुविधाएं मिलें। उन्होंने खुद को इन बेटियों का ‘चाचा’ बताते हुए उनकी देखभाल का जिम्मा निभाने की बात कही।
इस विशेष किट में 25 से अधिक उच्च गुणवत्ता वाली सामग्रियां शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 11 हजार रुपये बताई जा रही है। शिशु के लिए इसमें आधुनिक पैडेड लंगोट, कंबल, कपड़े, बेबी केयर उत्पाद, तेल, दूध की बोतल, खिलौने और नामकरण के लिए विशेष ड्रेस शामिल हैं।
वहीं, माताओं के लिए पौष्टिक आहार के रूप में ड्राई फ्रूट्स, शॉल, बेडशीट, सेनेटरी पैड और अन्य जरूरी वस्तुएं दी जाएंगी। इसके अलावा स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए घर के उपयोग के लिए साबुन, बेबी वाइप्स और वाटरप्रूफ मैट भी किट में शामिल किया गया है।
यह योजना पूरी तरह नि:शुल्क है और खासतौर पर मध्यम एवं निम्न आय वर्ग के परिवारों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। योजना की पात्रता वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में जन्म लेने वाली सभी बेटियों के लिए तय की गई है।
स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे सामाजिक सोच में बदलाव की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया है। उनका मानना है कि इससे न केवल आर्थिक सहायता मिलेगी, बल्कि बेटियों के प्रति सम्मान और जागरूकता भी बढ़ेगी।
suntimes 