महंगाई का नया झटका! पेट्रोल-डीजल और LPG के दाम बढ़ने के संकेत

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल, सरकार 5-7 दिनों में ले सकती है अंतिम फैसला

महंगाई का नया झटका! पेट्रोल-डीजल और LPG के दाम बढ़ने के संकेत

नई दिल्ली। आम उपभोक्ताओं को जल्द ही ईंधन और रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी का सामना करना पड़ सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सरकार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 4 से 5 रुपए प्रति लीटर तक वृद्धि करने पर विचार कर रही है। इसके साथ ही घरेलू LPG गैस सिलेंडर की कीमत में भी 40 से 50 रुपए तक बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।

यह संभावित बढ़ोतरी ऐसे समय में सामने आई है, जब 1 मई 2026 से कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम में करीब 993 रुपए की बढ़ोतरी की जा चुकी है। इससे संकेत मिल रहे हैं कि अब घरेलू उपभोक्ताओं पर भी महंगाई का असर पड़ सकता है।

सरकारी सूत्रों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार तेजी और पश्चिम एशिया में जारी तनाव के चलते आयात लागत बढ़ गई है। इससे तेल कंपनियों पर आर्थिक दबाव बढ़ा है, जिसे संतुलित करने के लिए कीमतों में संशोधन पर विचार किया जा रहा है।

अधिकारियों का कहना है कि सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और अगले 5 से 7 दिनों के भीतर इस संबंध में अंतिम निर्णय लिया जा सकता है। साथ ही यह भी कोशिश की जा रही है कि आम जनता पर इसका प्रभाव कम से कम पड़े।

गौरतलब है कि देश में पिछले करीब चार वर्षों से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। वर्ष 2022 के बाद से इनके दाम स्थिर बने हुए हैं।

इस बीच केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने हाल ही में कहा कि वैश्विक स्तर पर उतार-चढ़ाव के बावजूद भारत में ईंधन की कीमतों को नियंत्रित रखा गया है। कई देशों में ईंधन संकट के चलते राशनिंग और लंबी कतारों की स्थिति बनी, जबकि भारत में आपूर्ति और कीमत दोनों स्थिर बनाए रखने में सफलता मिली।

हालांकि अब वैश्विक परिस्थितियों के बदलते रुख को देखते हुए ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।