कोल्ड ड्रिंक निर्माता कंपनी में IT की कार्रवाई, खातों और स्टॉक की जांच

कोल्ड ड्रिंक निर्माता कंपनी में IT की कार्रवाई, खातों और स्टॉक की जांच

रायपुर/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित Narmada Drinks Private Limited पर आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार तड़के करीब 5 बजे आयकर विभाग की टीम फैक्ट्री परिसर पहुंची और दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी।

सूत्रों के अनुसार, छह सदस्यीय टीम कंपनी के अकाउंट बुक, स्टॉक रजिस्टर और वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल कर रही है। फैक्ट्री के अंदर और बाहर गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, जबकि कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा सकती है।

बताया जाता है कि यह कंपनी The Coca-Cola Company के ब्रांडेड कोल्ड ड्रिंक उत्पादों का निर्माण करती है। सिरगिट्टी स्थित इस यूनिट से मध्य भारत के विभिन्न क्षेत्रों में उत्पादों की आपूर्ति की जाती है।

जानकारी यह भी सामने आई है कि आयकर विभाग ने देश के कई राज्यों में कंपनी से जुड़े अन्य प्रतिष्ठानों पर भी एक साथ कार्रवाई की है। संबंधित इकाइयों में भी दस्तावेजों की जांच जारी है। फिलहाल विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

आयकर विभाग की यह कार्रवाई वित्तीय अनियमितताओं की आशंका के मद्देनजर की जा रही बताई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।