बैडमिंटन कोर्ट पर थमा जीवन: शॉट मारते ही कारोबारी की हार्ट अटैक से मौत

बैडमिंटन कोर्ट पर थमा जीवन: शॉट मारते ही कारोबारी की हार्ट अटैक से मौत

रायपुर। शहर के डीडी नगर थाना क्षेत्र स्थित अश्विनी नगर के सोनकर बाड़ी ग्राउंड में बैडमिंटन खेलते समय एक कारोबारी की अचानक मौत हो गई। मृतक की पहचान ईदगाह भाठा निवासी अमृत बजाज (57) के रूप में हुई है, जो हार्डवेयर व्यवसाय से जुड़े थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खेल के दौरान उन्होंने एक शॉट लगाया। शटल गिरने के बाद जब वे उसे उठाने के लिए आगे बढ़े, तभी अचानक जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद खिलाड़ियों ने तुरंत उन्हें संभालने और अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि वे शुगर के मरीज थे।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस अप्रत्याशित घटना से परिवार और परिचितों में शोक की लहर है। 16 फरवरी को उनका अंतिम संस्कार मरवाड़ी मुक्तिधाम में किया गया।

शहर में हाल के महीनों में हृदयाघात से अचानक मौत के कई मामले सामने आए हैं। इससे पहले युवा कारोबारी हिमांशु श्रीवास्तव की बैडमिंटन खेलते समय हार्ट अटैक से मौत हुई थी। वहीं छत्तीसगढ़ी फिल्म अभिनेता Rajesh Awasthi का भी हृदयाघात से निधन हुआ था। दोनों को शारीरिक रूप से फिट बताया जाता था।

इसी तरह अंबिकापुर में एक युवक की स्कूटी स्टार्ट करते समय गिरने से मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य युवक को चलती बाइक पर हार्ट अटैक आने की घटना भी सामने आई थी। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और नियमित जांच की आवश्यकता को लेकर नई चिंता खड़ी कर दी है।