फरार हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर गिरफ्तार, 6 साल पुराने वारंट में कार्रवाई
2019 के मामले में जारी था स्थायी गिरफ्तारी वारंट
रायपुर। राजधानी पुलिस ने कुख्यात हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर को एक बार फिर गिरफ्तार कर लिया है। वर्ष 2019 में दर्ज मामले में कोर्ट द्वारा जारी स्थायी गिरफ्तारी वारंट के आधार पर कोतवाली पुलिस ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। बाद में सोमवार को अदालत से उसे जमानत मिल गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 327, 384 और 506 समेत अन्य गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज हैं। इन धाराओं के तहत मारपीट, जबरन वसूली, जान से मारने की धमकी और मानसिक प्रताड़ना जैसे आरोप शामिल हैं। वारंट जारी होने के बाद से पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी।
बताया जा रहा है कि तेलीबांधा थाना में दर्ज एक अन्य मारपीट मामले में आरोपी की गिरफ्तारी पर सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल रोक लगा रखी है। इस प्रकरण में वह करीब छह महीने तक फरार रहा और बाद में न्यायालय से आदेश लेकर रायपुर पहुंचा था। उस केस में गिरफ्तारी नहीं हुई, लेकिन कोतवाली थाने में दर्ज पुराने मामले में फरारी के चलते पुलिस ने उसे दबोच लिया।
रोहित तोमर के खिलाफ यह पहली कार्रवाई नहीं है। पूर्व में भी उसके खिलाफ कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हो चुके हैं। हाईपर क्लब गोलीकांड मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पैदल जुलूस निकालते हुए जेल भेजा था। वर्ष 2025 में भी वह मारपीट की एक घटना के बाद करीब छह महीने तक पुलिस से बचता रहा था।
पुलिस का कहना है कि शहर में अपराध पर नियंत्रण के लिए फरार और आदतन अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
suntimes 