देवबलौदा महाशिवरात्रि मेले में विवाद: मुस्लिम दुकानदारों से कथित दुर्व्यवहार पर कार्रवाई की मांग

प्रशासन ने कहा—तथ्यों की जांच के बाद होगी वैधानिक कार्रवाई

देवबलौदा महाशिवरात्रि मेले में विवाद: मुस्लिम दुकानदारों से कथित दुर्व्यवहार पर कार्रवाई की मांग

देवबलौदा-चरोदा में आयोजित महाशिवरात्रि मेले के दौरान कुछ मुस्लिम दुकानदारों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। घटना के बाद मुस्लिम समाज और अन्य सामाजिक संगठनों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा तथा निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। प्रशासन ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है।

देवबलौदा-चरोदा में आयोजित महाशिवरात्रि मेले के दौरान हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। मुस्लिम समाज ने आरोप लगाया है कि मेले में दुकान लगाने आए मुस्लिम व्यापारियों से नाम पूछकर आधार कार्ड मांगा गया, गाली-गलौज की गई और धार्मिक नारे लगाने का दबाव बनाया गया।

 

बुधवार को मुस्लिम समाज, भीम आर्मी, भिलाई नगर जामा मस्जिद ट्रस्ट तथा राजनांदगांव मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि दुर्ग कलेक्टोरेट पहुंचे। उन्होंने राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की। ज्ञापन में आरोपियों की गिरफ्तारी तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

 

दुकानदारों ने लगाए गंभीर आरोप

 

पीड़ित दुकानदारों का कहना है कि उन्होंने निगम से वैधानिक रसीद लेकर दुकानें लगाई थीं। इसके बावजूद कुछ लोगों ने उनकी दुकानों पर पहुंचकर पहले सामान की कीमत पूछी और बाद में नाम जानने के बाद अभद्र व्यवहार किया। व्यापारी आसिया बेगम ने आरोप लगाया कि उनके सामान को नुकसान पहुंचाया गया और ग्राहकों को भगा दिया गया।

 

एक अन्य दुकानदार सलमा बेगम ने बताया कि उनसे आधार कार्ड दिखाने को कहा गया और धार्मिक नारे लगाने का दबाव बनाया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भविष्य में मेला लगाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।

 

सामाजिक संगठनों की प्रतिक्रिया

 

मुस्लिम समाज और भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि प्रदेश में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिशें की जा रही हैं। उनका कहना है कि धर्म और जाति के आधार पर समाज को बांटने की प्रवृत्ति चिंताजनक है। उन्होंने दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई और दंगा फैलाने से संबंधित धाराएं लगाने की मांग की।

 

भिलाई नगर मस्जिद ट्रस्ट के अध्यक्ष मिर्जा आसिम बेग ने कहा कि छत्तीसगढ़ का आपसी भाईचारे का वातावरण प्रभावित हो रहा है। उन्होंने घटना को सुनियोजित बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई।

 

प्रशासन ने दिए जांच के संकेत

 

मामले पर सीएसपी भिलाई नगर सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि महाशिवरात्रि मेले में हुई घटना के संबंध में संयुक्त रूप से ज्ञापन प्राप्त हुआ है। ज्ञापन में उल्लिखित बिंदुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि भिलाई-3 थाने में तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कठोर कदम उठाए जाएंगे।

 

घटना के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। सामाजिक संगठनों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसे आयोजनों में सभी समुदायों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया जाए, ताकि मेले जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।