प्रशासन के लोग ही हिंसा पर उतर आए… कुसमी घटना पर भूपेश बघेल की तल्ख टिप्पणी

प्रशासन के लोग ही हिंसा पर उतर आए… कुसमी घटना पर भूपेश बघेल की तल्ख टिप्पणी

एसडीएम पर आदिवासी किसान से मारपीट और उसकी मौत के आरोपों को लेकर सियासत तेज हो गई है। भूपेश बघेल ने घटना को कानून-व्यवस्था की विफलता बताते हुए सरकार और अधिकारियों पर गंभीर सवाल उठाए।

बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र में एसडीएम पर आदिवासी किसान से मारपीट और उसकी मौत के आरोपों ने प्रदेश की राजनीति को गरमा दिया है। इस मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है और इसे कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति का उदाहरण बताया है।

प्रशासनिक अधिकारी ही हिंसा पर उतर आए

पंजाब दौरे से लौटने के बाद मीडिया से बातचीत में बघेल ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमराई हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि हालात ऐसे हो गए हैं कि प्रशासनिक अधिकारी ही हिंसा पर उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि विष्णु देव सरकार के अधीन विभागों के कुछ अधिकारी बेलगाम हो चुके हैं और एक बुजुर्ग आदिवासी किसान की पिटाई से मौत बेहद गंभीर मामला है।

बघेल ने शराब दुकानों को लेकर भी सरकार को घेरा

इसके साथ ही उन्होंने होली के दौरान शराब दुकानों को खुले रखने के फैसले पर भी सरकार को घेरा। बघेल ने कहा कि सरकार को त्योहारों और लोगों की भावनाओं की परवाह नहीं है। उनके अनुसार, होली जैसे पर्व पर भी शराब बिक्री की अनुमति देना यह दर्शाता है कि सरकार का ध्यान सिर्फ राजस्व पर है, जनभावनाओं पर नहीं।