ससुराल छोड़ने की जिद बनी मारपीट की वजह दुर्ग में नशे में धुत युवक ने दोस्त पर किया डंडे से हमला, मामला दर्ज

ससुराल छोड़ने की जिद बनी मारपीट की वजह  दुर्ग में नशे में धुत युवक ने दोस्त पर किया डंडे से हमला, मामला दर्ज

दुर्ग जिले में दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। नशे की हालत में ससुराल छोड़ने की जिद कर रहे युवक को जब दोस्त ने घर छोड़ दिया, तो वह बौखला गया। गुस्से में आकर युवक ने अपने ही दोस्त के साथ गाली-गलौज करते हुए डंडे से मारपीट कर दी। घटना जामुल थाना क्षेत्र की है, जहां पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ड्यूटी के दौरान फोन कर बुलाया मिलने

श्रमिक नगर छावनी वार्ड क्रमांक-40, हनुमान मंदिर के पास रहने वाले नीरज पाठक ने पुलिस को बताया कि वह अनिस वायर कंपनी, इंजीनियरिंग पार्क हथखोज में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं। 26 जनवरी को ड्यूटी के दौरान उसके दोस्त आकाश साहनी ने फोन कर मिलने के लिए बुलाया।

नशे की हालत में ससुराल छोड़ने की मांग

कंपनी से बाहर निकलने पर नीरज ने देखा कि आकाश साहनी एनएन कंपनी के पास नशे की हालत में बैठा हुआ था। आकाश ने उससे ससुराल छोड़ने की जिद की। नीरज ने उसे समझाते हुए गाड़ी में बैठाया, लेकिन ससुराल न ले जाकर श्रमिक नगर स्थित उसके घर के पास छोड़कर वापस लौटने लगा।

पीछे से आकर किया हमला

इसी बात से नाराज आकाश साहनी दोपहर करीब 2 बजे शनि मंदिर के पास अचानक पीछे से पहुंचा और नीरज के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए बांस के डंडे से हमला कर दिया, जिससे नीरज को चोटें आईं।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

पीड़ित नीरज पाठक की शिकायत पर जामुल थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।