देर रात लूटपाट के दौरान कांग्रेस नेता की हत्या, चार हमलावर फरार

धमधा रोड पर बाइक सवार चार बदमाशों ने रास्ता रोककर किया हमला, मोबाइल और नकदी लूटकर हुए फरार; घटना के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन।

देर रात लूटपाट के दौरान कांग्रेस नेता की हत्या, चार हमलावर फरार

दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिले के जेवरा-सिरसा पुलिस चौकी क्षेत्र में रविवार देर रात लूटपाट की वारदात ने एक कांग्रेस नेता की जान ले ली। ग्राम तुमाकला निवासी प्रकाश सिंह कश्यप (45) अपने दो साथियों के साथ भिलाई स्थित शंकराचार्य अस्पताल से रिश्तेदार से मुलाकात कर वापस लौट रहे थे। रात करीब दो बजे करहीडीह और चिखली चौक के बीच चार बाइक सवार बदमाशों ने उनकी बाइक का रास्ता रोक लिया।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने पहले मोबाइल फोन और नकदी लूटने की कोशिश की। जब प्रकाश सिंह कश्यप ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उनका मोबाइल और करीब चार हजार रुपये नकद लेकर मौके से फरार हो गए।

हमले के दौरान कश्यप के साथ मौजूद दोनों युवक किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे। इनमें से एक ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल प्रकाश सिंह कश्यप को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रकाश सिंह कश्यप ग्राम तुमाकला के पंच होने के साथ-साथ कांग्रेस के धमधा मंडल के कोषाध्यक्ष भी थे, जबकि उनकी पत्नी गांव की सरपंच हैं। घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जिला अस्पताल पहुंचे और मॉर्चुरी हाउस के बाहर प्रदर्शन किया।

पुलिस व्यवस्था पर उठे सवाल

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने क्षेत्र में बढ़ते अपराधों और पुलिस गश्त की व्यवस्था पर सवाल उठाए। ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि धमधा रोड पर नियमित पुलिस पेट्रोलिंग नहीं होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, कड़ी सजा और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने हत्या और लूट का मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा संदिग्धों की तलाश के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।