सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान नाबालिग को ले गए तीन युवक, दुष्कर्म का आरोप
जेवरा-सिरसा क्षेत्र की घटना, एक युवक पर मुख्य आरोप; दो अन्य की संलिप्तता खंगाल रही पुलिस
दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिले में 13 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र के एक गांव में गोवर्धन पूजा के बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान तीन युवक नाबालिग को अपने साथ ले गए थे। आरोप है कि इस दौरान एक युवक ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया, जबकि उसके दो साथी आसपास मौजूद थे। पुलिस ने मामले में तीनों युवकों को हिरासत में लिया है।
बताया गया कि गांव में गोवर्धन पूजा के बाद रिकॉर्डिंग डांस कार्यक्रम आयोजित किया गया था। रात में कार्यक्रम देखने के दौरान तीन युवक बच्ची को अपने साथ ले गए। घटना के बाद मामला सामने आने पर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अब बच्ची के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।
घटना के बाद अलग-अलग जगह चले गए थे युवक
पुलिस की जांच में सामने आया कि घटना के बाद तीनों युवक गांव से निकल गए थे। इनमें से एक युवक अपने रिश्तेदार के घर पहुंचकर सो गया था। पुलिस ने दबिश देकर उसे वहीं से पकड़ लिया। इसके बाद दूसरे और तीसरे युवक को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के परिवार के सदस्यों को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाया है।
दो अन्य युवकों की भूमिका पर भी संदेह
पुलिस यह जांच कर रही है कि बच्ची को कार्यक्रम स्थल से ले जाने के दौरान और उसके बाद दोनों अन्य युवकों की क्या भूमिका रही। फिलहाल दुष्कर्म का आरोप एक युवक पर है। पुलिस के अनुसार, अन्य दो युवकों के खिलाफ अपहरण और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर दूसरी धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।
एएसपी ने कहा- एक ही युवक पर दुष्कर्म का आरोप
एएसपी सिटी शोभराज अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार यह गैंगरेप का मामला नहीं है। नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने का आरोप एक युवक पर है। उसके साथ मौजूद दोनों युवकों की भूमिका की जांच की जा रही है। बच्ची का बयान दर्ज करने और अन्य साक्ष्य जुटाने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), पॉक्सो अधिनियम और अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है। तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
suntimes 