सेंट्रल एवेन्यू पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, दो युवकों की मौत
भोर में हुआ भीषण सड़क हादसा, टक्कर से कार के उड़े परखच्चे; सीसीटीवी फुटेज के जरिए हादसे की वजह तलाश रही पुलिस
भिलाई के सेंट्रल एवेन्यू रोड पर गुरुवार तड़के तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। अनियंत्रित कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई, जिससे उसमें सवार दो युवकों की मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।
दुर्ग-भिलाई। सेंट्रल एवेन्यू रोड पर गुरुवार सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। पुलिस के अनुसार कार सेक्टर-9 से सेक्टर-6 की ओर जा रही थी। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पेड़ से टकरा गया।
टक्कर इतनी तेज कि कार के उड़े परखच्चे
हादसे की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पेड़ से टकराने के बाद कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ा
सूचना मिलते ही भिलाई नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद दीपक गुप्ता (23) और कौशिक दास (15) को मृत घोषित कर दिया। दोनों सेक्टर-6, भिलाई के निवासी थे।
ड्राइविंग सीट पर कौन था, जांच जारी
पुलिस के अनुसार अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हादसे के समय कार कौन चला रहा था। मौके से मिले साक्ष्यों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
तेज रफ्तार पर जताया जा रहा संदेह
प्रारंभिक जांच में दुर्घटना की एक संभावित वजह तेज रफ्तार मानी जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच और साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद दोनों युवकों के शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
suntimes 