हैदराबाद में छत्तीसगढ़ का बढ़ा मान, शब्बीर अहमद और प्रद्युमन शर्मा को मिला ‘सेवा रत्न सम्मान-2026’

मानवाधिकार संरक्षण और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार संरक्षण आयोग ने किया सम्मानित

हैदराबाद में छत्तीसगढ़ का बढ़ा मान, शब्बीर अहमद और प्रद्युमन शर्मा को मिला ‘सेवा रत्न सम्मान-2026’

हैदराबाद में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार संरक्षण आयोग (IHRPC) के राष्ट्रीय सम्मान समारोह में छत्तीसगढ़ के दो समाजसेवियों ने प्रदेश का गौरव बढ़ाया। जनहित, मानवाधिकार संरक्षण और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए शब्बीर अहमद एवं प्रद्युमन शर्मा को प्रतिष्ठित ‘सेवा रत्न सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। देशभर से आए विशिष्ट अतिथियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में यह सम्मान प्रदान किया गया।

हैदराबाद। अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार संरक्षण आयोग (IHRPC) तेलंगाना प्रदेश द्वारा गांधी भवन स्थित प्रकाशम हॉल ऑडिटोरियम में भव्य ‘सेवा रत्न अवार्ड्स-2026’ का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय स्तर के इस समारोह में समाज सेवा, जनकल्याण और मानवाधिकार संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ से शब्बीर अहमद (जोनल महासचिव, पूर्वी भारत जोन, IHRPC) तथा प्रद्युमन शर्मा (प्रदेश महासचिव, छत्तीसगढ़, IHRPC) को उनके उल्लेखनीय सामाजिक योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘सेवा रत्न सम्मान-2026’ प्रदान किया गया। सम्मान मिलने से छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ।

समारोह में प्रशासनिक, न्यायिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तित्व उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एवं तेलंगाना राज्य लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष सैयद अजमतुल्लाह शामिल हुए। वहीं न्यायमूर्ति बशाह नवाज खान, अतिरिक्त डीसीपी रामदासु तेजावत, सब-रजिस्ट्रार डॉ. एल. रविंद्र नायक, IHRPC के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. एच.एम.डी. मुजाहिद, राष्ट्रीय अध्यक्ष मंडल डॉ. शेख फराश शोएब रहमान, उद्योगपति डॉ. ए. लक्ष्मण नायक, अधिवक्ता डॉ. शेख अब्दुल शरीफ तथा राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी डॉ. अकबर शेख विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. राजेंद्र सिंह ठकराल ने कहा कि समाज और मानवता की सेवा में समर्पित लोगों को सम्मानित करना नई पीढ़ी को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करता है। उन्होंने मानवाधिकार जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी को समय की आवश्यकता बताया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद शब्बीर अहमद ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उन सभी सहयोगियों और नागरिकों का है जिन्होंने जनहित के कार्यों में उनका साथ दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उन्हें वंचित और जरूरतमंद लोगों के लिए और अधिक समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देगी।

वहीं प्रद्युमन शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि समाज सेवा मानवता के प्रति सबसे बड़ा दायित्व है। उनका उद्देश्य सदैव पीड़ित और जरूरतमंद लोगों की आवाज बनकर उनके अधिकारों की रक्षा करना रहा है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके सेवा संकल्प को और मजबूत करेगा।

राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित यह सम्मान समारोह समाज सेवा, मानवाधिकार संरक्षण और जनकल्याण के क्षेत्र में सक्रिय व्यक्तित्वों के योगदान को पहचान देने और उन्हें प्रोत्साहित करने का प्रभावी मंच साबित हुआ।