850 लोकसभा सीटों की तैयारी के बीच गरमाई सियासत, परिसीमन पर आज कैबिनेट में मंथन

महिला आरक्षण को 2029 से लागू करने की योजना, कांग्रेस ने सरकार पर बहुमत के लिए राजनीतिक दलों में फूट डालने का लगाया आरोप

850 लोकसभा सीटों की तैयारी के बीच गरमाई सियासत, परिसीमन पर आज कैबिनेट में मंथन

  लोकसभा सीटों के संभावित विस्तार और महिला आरक्षण को लागू करने की कवायद ने संसद सत्र से पहले राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। केंद्र सरकार जहां संविधान संशोधन विधेयकों को लेकर आगे बढ़ रही है, वहीं विपक्ष ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस ने व्हिप जारी कर अपने सांसदों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं, जबकि कुछ क्षेत्रीय दलों ने विधेयक देखने के बाद ही समर्थन पर फैसला लेने की बात कही है।

नई दिल्ली (ए)। संसद के आगामी सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक प्रमुख राजनीतिक मुद्दा बन सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार दोपहर 1 बजे केंद्रीय कैबिनेट की बैठक होगी। माना जा रहा है कि इसमें दोनों प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयकों पर चर्चा कर आगे की रणनीति तय की जा सकती है।

सरकार की योजना परिसीमन के जरिए लोकसभा की वर्तमान 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 करने की है। इसके साथ ही लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था को आगे बढ़ाया जाएगा। सरकार इन बदलावों को 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करना चाहती है।

विपक्ष ने सरकार की रणनीति पर उठाए सवाल

कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने आरोप लगाया कि सरकार विधेयक को पारित कराने के लिए आवश्यक दो-तिहाई बहुमत जुटाने की कोशिश में राजनीतिक दलों को बांटने का प्रयास कर रही है। उन्होंने केंद्र सरकार पर संसदीय परंपराओं और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

क्षेत्रीय दलों ने फिलहाल नहीं खोले पत्ते

विधेयकों को लेकर विपक्षी दलों में अभी सहमति की स्थिति स्पष्ट नहीं है। एनसीपी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि विधेयक की प्रति देखने और उसके प्रावधानों को समझने के बाद ही समर्थन पर निर्णय लिया जाएगा। डीएमके सांसद ए. राजा ने भी पार्टी के स्तर पर आंतरिक विचार-विमर्श के बाद रुख स्पष्ट करने की बात कही।

महिला आरक्षण के साथ परिसीमन जोड़ने पर सवाल

कर्नाटक के मंत्री सतीश जारकीहोली ने भाजपा से सवाल किया कि जब महिला आरक्षण विधेयक पहले ही मंजूर हो चुका है, तो उसे परिसीमन के साथ जोड़कर बार-बार क्यों उठाया जा रहा है। उन्होंने इस पूरी प्रक्रिया के पीछे सरकार की मंशा स्पष्ट करने की मांग की।

संसद सत्र के लिए कांग्रेस ने कसी कमर

विपक्षी रणनीति के तहत कांग्रेस ने अपने सांसदों को व्हिप जारी किया है। पार्टी ने शुक्रवार शाम 4:30 बजे दिल्ली में संसदीय रणनीति समूह की बैठक भी बुलाई है। इसमें संसद सत्र के दौरान उठाए जाने वाले मुद्दों और सरकार के प्रस्तावित विधेयकों पर पार्टी का रुख तय किया जाएगा।