ED की रेड के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, रायपुर में पुतला दहन और पुलिस से झड़प

राजनीतिक बदले की कार्रवाई का आरोप, प्रदेशभर में कांग्रेसियों का हल्ला बोल; भूपेश बघेल बोले– “मुझे टारगेट किया जा रहा है”

ED की रेड के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, रायपुर में पुतला दहन और पुलिस से झड़प

छत्तीसगढ़ में मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईडी की छापेमारी के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। रायपुर समेत कई जिलों में ईडी के पुतले फूंके गए और केंद्र सरकार पर राजनीतिक द्वेष की कार्रवाई करने का आरोप लगाया गया। प्रदर्शन के दौरान रायपुर में पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़प भी हुई।

रायपुर। कांग्रेस ने प्रदेशभर में ईडी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आवास और करीबी ठिकानों पर हुई ईडी रेड के विरोध में मंगलवार को प्रदेशभर में प्रदर्शन हुए। राजधानी रायपुर में कांग्रेसियों ने नारेबाजी करते हुए नगर निगम चौक पर पुतला दहन किया। पुलिस ने आग बुझाने की कोशिश की, जिससे हल्की झड़प भी देखने को मिली, हालांकि हालात जल्द सामान्य हो गए।

जिला कांग्रेस कार्यालय में प्रदर्शन करते हुए निगम चौक पहुंचे थे कार्यकर्ता

“केंद्र सरकार विपक्ष को दबा रही” – कांग्रेस का आरोप
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मोदी सरकार विपक्षी दलों को डराने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने इसे "राजनीतिक प्रतिशोध" करार दिया।

भूपेश बघेल का कटाक्ष– “ये प्रयोग है या संयोग?”
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विधानसभा में चुटीले अंदाज़ में प्रतिक्रिया दी—

“संयोग है या प्रयोग है… लखमा ने सवाल किया, 8 दिन में ईडी पहुंच गई। मैंने सवाल पूछा तो 4 दिन में ईडी आ गई।” उन्होंने आरोप लगाया कि सर्च वारंट के बिना रेड की गई, बाद में कागज दिखाए गए। उन्होंने कहा कि ईडी की कार्रवाई का उद्देश्य सिर्फ उन्हें बदनाम करना और चुनाव से रोकना है।

“छापा तब पड़ता है, जब मैं चुनाव प्रचार पर निकलता हूं”
बघेल ने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश, असम, झारखंड और अब पंजाब दौरे के समय उनके घर छापे पड़े। उन्होंने सीसी कांड, सट्टा घोटाले और अन्य मामलों की जांचों को भी ‘राजनीतिक हथकंडा’ बताया।

भाजपा का पलटवार – “कानून के दायरे में कार्रवाई”
वहीं, भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अगर कुछ गलत नहीं किया गया है, तो डरने की जरूरत नहीं है। ईडी की कार्रवाई पूरी तरह नियमों के अनुसार हो रही है।