RBI की मॉनेटरी पॉलिसी बैठक आज से: 0.25% घट सकती है रेपो रेट, 1 अक्टूबर को होगा ऐलान

SBI की रिपोर्ट—महंगाई पर काबू, दरों में कटौती का सही समय; लोन होंगे सस्ते तो कारोबार को मिलेगी रफ्तार

RBI की मॉनेटरी पॉलिसी बैठक आज से: 0.25% घट सकती है रेपो रेट, 1 अक्टूबर को होगा ऐलान

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) की बैठक आज यानी 29 सितंबर से शुरू हो रही है। यह बैठक 1 अक्टूबर तक चलेगी और आखिरी दिन फैसलों की घोषणा होगी। माना जा रहा है कि RBI रेपो रेट में 0.25% यानी 25 बेसिस पॉइंट की कटौती कर सकता है। अभी रेपो रेट 5.50% पर है। यदि दरें घटती हैं तो आम उपभोक्ताओं और कारोबारियों के लिए कर्ज सस्ता होगा और अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

 नई दिल्ली (ए)। RBI की MPC की इस बैठक पर देश की नजर टिकी है। दरअसल, SBI की लेटेस्ट रिपोर्ट में कहा गया है कि ब्याज दरों में कटौती का यह सही समय है। महंगाई दर फिलहाल पूरी तरह काबू में है और आगे भी इसके और नीचे आने की संभावना है।

दरें नहीं घटीं तो होगी गलती

रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर RBI इस बार दरों में कटौती नहीं करता तो यह "टाइप-2 एरर" होगा। यानी सही अवसर पर गलत फैसला लेना। इससे पहले भी ऐसा हुआ है जब परिस्थितियां अनुकूल होने के बावजूद RBI ने ब्याज दरों को घटाने का कदम नहीं उठाया था।

जून से अब तक कटौती का रुझान

जून 2025 में RBI ने रेपो रेट को 0.50% घटाकर 5.5% किया था। अगस्त की बैठक में हालांकि कोई बदलाव नहीं किया गया और दरें जस की तस रखी गईं। RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने उस समय कहा था कि टैरिफ अनिश्चितता के कारण कमेटी ने दरों को स्थिर रखने का निर्णय लिया।

महंगाई दर ऐतिहासिक स्तर पर गिर सकती है

SBI रिपोर्ट में अनुमान जताया गया है कि सितंबर-अक्टूबर में महंगाई दर 2% से भी नीचे जा सकती है। यदि GST दरों में कोई बदलाव होता है तो अक्टूबर में यह 1.1% तक गिर सकती है, जो 2004 के बाद सबसे कम होगी। वहीं, वित्त वर्ष 2027 तक महंगाई 4% या उससे नीचे बनी रह सकती है।

अर्थव्यवस्था पर असर

दरें घटने से लोन सस्ते होंगे, जिससे आम लोगों को राहत मिलेगी। हाउसिंग, ऑटो और पर्सनल लोन की किस्तें कम हो सकती हैं। कारोबारियों को भी सस्ता कर्ज मिलने से निवेश और बिजनेस गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।