छत्तीसगढ़ में कल से भारी बारिश के आसार: 5 जिलों में यलो अलर्ट, बिजली गिरने और आंधी की चेतावनी
बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम से मौसम विभाग की चेतावनी—बिजली गिरने और आंधी का खतरा, बलरामपुर में सबसे ज्यादा तो बेमेतरा में सबसे कम बारिश दर्ज
रायपुर। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय दबाव क्षेत्र ने छत्तीसगढ़ के मौसम का मिज़ाज बदल दिया है। मौसम विभाग ने 30 सितंबर से पूरे प्रदेश में तेज बारिश की भविष्यवाणी की है। जांजगीर-चांपा, बालोद, बस्तर, गरियाबंद और रायगढ़ जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है, जबकि अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है।
बीते 24 घंटे में प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज हुई। देवभोग में 30 मिमी पानी गिरा, जो सबसे ज्यादा है। राज्य में इस साल अब तक औसतन 1163.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
जिलेवार तस्वीर
बलरामपुर : 1517 मिमी बारिश, सामान्य से 52% ज्यादा।
बेमेतरा : सिर्फ 519.1 मिमी, जो सामान्य से 50% कम।
बस्तर, राजनांदगांव, रायगढ़ : सामान्य के आसपास वर्षा।
क्यों बदला मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून की वापसी रेखा गुजरात से होते हुए उत्तर भारत तक सक्रिय है। दक्षिण ओडिशा और उससे लगे छत्तीसगढ़ क्षेत्र में बना दबाव अगले 24 घंटों में कमजोर होकर लो-प्रेशर एरिया में बदल सकता है। इसी वजह से कल से प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश की संभावना है।
suntimes 