अबूझमाड़ मुठभेड़ में दो महिला माओवादी ढेर: इनामी कैडर सीमा और रांझू की पहचान, हथियारों का जखीरा बरामद

DRG, STF और ITBP का संयुक्त ऑपरेशन जारी, सर्च के दौरान भारी मात्रा में विस्फोटक, हथियार और माओवादी साहित्य जब्त; पिछले 18 माह में 414 माओवादी मारे गए

अबूझमाड़ मुठभेड़ में दो महिला माओवादी ढेर: इनामी कैडर सीमा और रांझू की पहचान, हथियारों का जखीरा बरामद

छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ के घने जंगलों में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो महिला माओवादी कैडर मारी गई हैं। प्राथमिक पहचान सीमा (₹5 लाख इनामी) और लिंगे उर्फ़ रांझू (₹1 लाख इनामी) के रूप में हुई है। घटनास्थल से इंसास राइफल, देशी हथियार, विस्फोटक और माओवादी साहित्य बरामद हुआ है। ऑपरेशन “माड़ बचाओ अभियान” के तहत सुरक्षा बलों का संयुक्त सर्च अभियान अब भी जारी है।

 नारायणपुर. नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ इलाके में 25 जून 2025 को DRG, STF और ITBP की संयुक्त टीमों द्वारा माओवादी विरोधी सर्च अभियान चलाया गया। विश्वसनीय सूचना के आधार पर चलाए गए इस अभियान के दौरान, 25 जून की शाम से माओवादियों और सुरक्षा बलों के बीच कई घंटे तक मुठभेड़ चलती रही। मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से दो वर्दीधारी महिला माओवादियों के शव बरामद किए गए, जिनकी पहचान पुलिस ने सीमा (एरिया कमेटी मेंबर, ₹5 लाख इनामी) और लिंगे उर्फ रांझू (पार्टी मेंबर, ₹1 लाख इनामी) के रूप में की है। दोनों माओवादी कुटुल एरिया कमेटी और LOS (लोकल ऑपरेटिंग स्क्वाड) से जुड़ी थीं।

मुठभेड़ स्थल से बरामद सामग्री:

  • 01 इंसास राइफल, 01 मैगजीन, 08 राउंड
  • 01 देशी निर्मित .315 बोर राइफल, 04 राउंड
  • .303 बोर के 15 राउंड

भारी मात्रा में विस्फोटक, माओवादी दस्तावेज, दैनिक उपयोग की वस्तुएं

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन गुरिया के अनुसार, दोनों महिला माओवादियों के खिलाफ अनेक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनकी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

 बस्तर रेंज में माओवादियों पर लगातार दबाव:
IG सुंदरराज पी ने बताया कि बस्तर रेंज में माओवादियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पिछले 18 महीनों में 414 माओवादी मारे जा चुके हैं, जिनमें पार्टी महासचिव बसवराजु उर्फ गंगन्ना और CCM गौतम उर्फ सुधाकर जैसे शीर्ष नेता भी शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि, “मानसून के दौरान भी माओवादी विरोधी ऑपरेशन बिना रुके जारी रहेगा। प्रतिबंधित संगठन के पास अब आत्मसमर्पण के सिवा कोई विकल्प नहीं है। हिंसा का मार्ग छोड़ें, वरना परिणाम गंभीर होंगे।”

 अभियान जारी, विस्तृत जानकारी जल्द:
मुठभेड़ के दौरान कुछ माओवादी कैडर जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश के लिए क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान जारी है।
पुलिस ने कहा है कि ऑपरेशन के समापन और जवानों के बेस कैंप लौटने के बाद विस्तृत विवरण साझा किया जाएगा।