खौफनाक वारदात, आरक्षक की पत्नी और बेटे की चाकू मारकर हत्या
घर में घुसी महिला ने किया ताबड़तोड़ हमला, दो बेटियां घायल; एक बच्ची बाथरूम में छिपकर बची, आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र स्थित STF कॉलोनी में शनिवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक महिला ने घर में घुसकर आरक्षक की पत्नी और 9 वर्षीय बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी, जबकि दो बेटियां घायल हो गईं। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
दुर्ग-भिलाई। शहर के सुपेला थाना क्षेत्र अंतर्गत STF कॉलोनी में शनिवार सुबह सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड से इलाके में दहशत फैल गई। एक महिला ने घर में घुसकर आरक्षक की पत्नी और उनके मासूम बेटे पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में मां-बेटे की मौत हो गई, जबकि दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
मृतका की पहचान रीना यादव के रूप में हुई है। उनके पति ललितेश यादव STF में आरक्षक हैं और वर्तमान में बीजापुर में पदस्थ हैं। जानकारी के मुताबिक, वे 15 दिन की छुट्टी पर दुर्ग आए हुए थे। शनिवार सुबह करीब 8 बजे वे रेलवे स्टेशन रिजर्वेशन कराने गए थे, इसी दौरान आरोपी महिला घर पहुंची और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी महिला की पहचान सरोजनी भारद्वाज (25) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह एक दिन पहले भी घर पहुंची थी, लेकिन उस समय उसे समझाकर वापस भेज दिया गया था। महिला जांजगीर की रहने वाली बताई जा रही है और दुर्ग में किराए के मकान में रह रही थी।
हमले के दौरान आरोपी ने घर में सो रहे 9 वर्षीय आदित्य यादव पर बेरहमी से चाकू से कई वार किए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बच्चे पर करीब 14 वार किए गए। बीच-बचाव करने पहुंची रीना यादव भी हमले की चपेट में आ गईं। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
वारदात के समय रीना यादव ने साहस दिखाते हुए आरोपी महिला का पैर पकड़ लिया और अपनी बेटियों को भागने के लिए कहा। बड़ी बेटी तानिया (11) किसी तरह घर से निकलकर पड़ोसियों तक पहुंची और मदद मांगी, जबकि दूसरी बेटी नैना (12) बाथरूम में छिप गई, जिससे उसकी जान बच गई। दोनों बच्चियां घायल हैं और उनका उपचार जारी है।
शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने आरोपी महिला को मौके पर पकड़ लिया और उसके हाथ से चाकू छीन लिया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
सीएसपी भिलाई ने बताया कि मामले में हत्या और हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पारिवारिक विवाद, निजी संबंधों सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
suntimes 