छत्तीसगढ़ में गर्मी का प्रहार तेज, लू का अलर्ट; राजनांदगांव में पारा 44°

अगले तीन दिनों में तापमान 2-3 डिग्री और बढ़ने के आसार; दोपहर में सावधानी बरतने की सलाह

छत्तीसगढ़ में गर्मी का प्रहार तेज, लू का अलर्ट; राजनांदगांव में पारा 44°

रायपुर। प्रदेश में तापमान लगातार ऊंचाई की ओर बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में गर्मी और तीव्र होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में पारा 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है, जिससे कई क्षेत्रों में लू की स्थिति बन सकती है।

विशेष रूप से मध्य छत्तीसगढ़ के इलाकों में 24 से 27 अप्रैल के बीच अलग-अलग स्थानों पर लू चलने के संकेत दिए गए हैं। विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने में सावधानी बरतने और शरीर को डिहाइड्रेशन से बचाने की सलाह दी है।

तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश पर दो प्रमुख ट्रफ लाइन सिस्टम सक्रिय हैं, जिनका असर मौसम पर पड़ रहा है। एक ट्रफ पूर्व विदर्भ से दक्षिण भारत के कोमोरिन क्षेत्र तक फैली हुई है, जबकि दूसरी उत्तर-पूर्व बांग्लादेश से ओडिशा के उत्तरी हिस्से तक बनी हुई है।

अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, हालांकि कुछ स्थानों पर लू का प्रभाव बना रहेगा और गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

राजधानी रायपुर में भी गर्मी का असर स्पष्ट दिखेगा। यहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। लगातार बढ़ते तापमान के बीच स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचने की सलाह दी है।