जिला अस्पताल में हुई दो मौतों से दुर्ग में आक्रोश—वोरा पहुँचे शोकग्रस्त परिवारों के बीच

जिला अस्पताल में हुई दो मौतों से दुर्ग में आक्रोश—वोरा पहुँचे शोकग्रस्त परिवारों के बीच

दुर्ग जिला अस्पताल में दो महिलाओं—पूजा यादव (27) और किरण यादव (30)—की दर्दनाक मौत के बाद शहर में आक्रोश गहराया हुआ है। आज वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा दोनों पीड़ित परिवारों के घर पहुँचे, जहाँ मातम और सदमे के बीच परिजन अपने साथ हुए अन्याय और अस्पताल की कथित लापरवाही को लेकर लगातार गुहार लगा रहे थे।

सिकोला भाटा पहुँचे वोरा ने किरण यादव के परिवार से मुलाकात की।

घर में अभी सुबह जन्मे बच्चे की किलकारियाँ गूँज ही रही थीं कि शाम तक सबकुछ उजड़ गया। परिजनों ने रो-रोकर बताया कि “किरण बिल्कुल स्वस्थ थी… अस्पताल की भारी लापरवाही ने उसे हमसे छीन लिया।”

वोरा ने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा—

“यह अत्यंत गंभीर मामला है। जिस तरह एक स्वस्थ युवा माँ ऑपरेशन के दौरान दम तोड़ देती है, यह सामान्य घटना नहीं हो सकती। हर कदम, हर प्रक्रिया, हर दवा—सबकी गहन जाँच जरूरी है ताकि सच सामने आए और कोई भी दोषी व्यक्ति या संस्था बच न सके।”

इसके बाद वोरा बजरंग नगर पहुँचे, जहाँ पूजा यादव के पति और परिजन सदमे में थे। पूजा दो बच्चों की माँ थी। परिजन बार-बार यही कह रहे थे कि पूजा पूरी तरह नॉर्मल थी, लेकिन ऑपरेशन टेबल पर अचानक झटके आए और कुछ ही मिनटों में उसकी जान चली गई।

वोरा ने स्पष्ट कहा—

“दुर्ग जिला अस्पताल में यह सिर्फ गलती नहीं, सिस्टम की खतरनाक नाकामी है।”

*कल छत्तीसगढ़ PCC की उच्च-स्तरीय जांच समिति दुर्ग पहुँचेगी*

अरुण वोरा ने दोनों परिवारों को जानकारी दी कि छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इस पूरे मामले की गहन जांच के लिए छह-सदस्यीय उच्च-स्तरीय समिति गठित की है, जो पूर्व मंत्री श्रीमती अनिला भेड़िया के नेतृत्व में कल दुर्ग पहुँचेगी।

इस समिति में निम्न सदस्य शामिल हैं:

1. श्रीमती अनिला भेड़िया — पूर्व मंत्री (अध्यक्ष, जांच समिति)

2. श्री अरुण वोरा — पूर्व विधायक (सदस्य)

3. श्रीमती संगीता सिन्हा — विधायक, बालोद (सदस्य)

4. श्रीमती हर्षिता बघेल — विधायक, डोंगरगढ़ (सदस्य)

5. श्रीमती छन्नी साहू — पूर्व विधायक (सदस्य)

6. सुश्री नीता लोधी — पूर्व महापौर (सदस्य)

यह समिति कल रायपुर से दुर्ग पहुँचकर—

- प्रभावित परिवारों से मुलाकात

- जिला अस्पताल का निरीक्षण

- ऑपरेशन प्रक्रिया और दवाओं की जाँच

-- लापरवाही के वास्तविक कारणों की पड़ता करते हुए अपना प्रतिवेदन PCC को सौंपेगी।