दुर्ग में एलपीजी सिलेंडर में लगी आग, फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा
छावनी चौक स्थित घर में सुबह हादसा, दमकल टीम ने समय रहते आग पर पाया काबू
दुर्ग। दुर्ग के छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत बैकुंठधाम छावनी चौक में सोमवार सुबह करीब 10:15 बजे एक घर में रखे एलपीजी सिलेंडर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह घटना डीलेश्वरी वर्मा के निवास पर हुई, जहां सिलेंडर में आग लगते ही परिजनों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन कार्यालय से एक दमकल टीम मौके के लिए रवाना की गई। टीम के पहुंचने पर देखा गया कि सिलेंडर में आग लगी हुई है, जिसे तेजी से नियंत्रित करने की कार्रवाई शुरू की गई। अग्निशमन कर्मियों ने सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए पहले आग पर काबू पाया और फिर सिलेंडर को सुरक्षित तरीके से घर से बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना में किसी प्रकार की जनहानि या बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
इस कार्रवाई में अग्निशमन दल प्रभारी महेंद्र चंदेल के नेतृत्व में कर्मचारी भीष्म, शशांक, रामनाथ कुर्रे और प्रवीण सिन्हा शामिल रहे। टीम के समय पर मौके पर पहुंचने और समन्वित प्रयासों से स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अनहोनी नहीं हुई।
suntimes 