दुर्ग में पहली बार गूंजेगा श्याम नाम, 15 मई को होगा श्री श्याम पूर्ण इच्छा महोत्सव
पुरानी गंजमंडी गंजपारा में भव्य भजन संध्या, देशभर के प्रसिद्ध भजन गायक देंगे प्रस्तुति
छत्तीसगढ़ की धर्म नगरी दुर्ग में पहली बार श्री श्याम पूर्ण इच्छा महोत्सव के तहत विशाल श्री श्याम भजन संध्या का आयोजन 15 मई 2026 शुक्रवार को किया जाएगा। पुरानी गंजमंडी, गंजपारा में शाम 7 बजे से शुरू होने वाले इस धार्मिक आयोजन में देश के नामी भजन कलाकार अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे।
दुर्ग। शहरवासियों के लिए आस्था, भक्ति और संगीत से सराबोर एक ऐतिहासिक आयोजन होने जा रहा है। पहली बार दुर्ग शहर में श्री श्याम पूर्ण इच्छा महोत्सव के अंतर्गत भव्य श्री श्याम भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 15 मई 2026, शुक्रवार को शाम 7 बजे से पुरानी गंजमंडी, गंजपारा दुर्ग में आयोजित होगा।
इस विशेष भजन संध्या में देश के प्रसिद्ध भजन सम्राट संजय मित्तल जी (कोलकाता), प्रेम शर्मा जी (राजस्थान) तथा ममता चौधरी जी (दिल्ली) श्री श्याम बाबा के मनमोहक एवं भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति देंगे। आयोजन समिति के अनुसार यह संध्या श्रद्धालुओं के लिए भक्ति रस में डूबने का अनूठा अवसर होगी।
आयोजक संदीप शास्त्री, खाटू श्याम ज्योतिषी, पोलसाय पारा दुर्ग ने शहरवासियों से आग्रह किया है कि वे इस धार्मिक महोत्सव में सपरिवार एवं इष्टमित्रों सहित उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करें।
कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री गंजपारा दुर्गा उत्सव समिति, श्री सत्तीचौरा मां दुर्गा मंदिर समिति, जन समर्पण सेवा संस्था तथा बोल बम सेवा समिति दुर्ग का विशेष सहयोग रहेगा।
आयोजन समिति ने इसे दुर्ग शहर के धार्मिक इतिहास का यादगार आयोजन बनाने की अपील की है।
suntimes 