दुर्ग में संभाग स्तरीय कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह 6 जनवरी को

सीएम साय और प्रदेश अध्यक्ष सहित शामिल होंगे भाजपा के कई मंत्री और बड़े नेता

दुर्ग में संभाग स्तरीय कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह 6 जनवरी को

छत्तीसगढ़ में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद सरकार बनने पर भारतीय जनता पार्टी संभाग स्तरीय कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह का आयोजन करने जा रही है। यह आयोजन 6 जनवरी को दुर्ग में आयोजित किया जाएगा। इसकी तैयारियां चल रही हैं। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव सहित तमाम दिग्गज भाजपा नेता और मंत्री मौजूद रहेंगे।

इस आयोजन को लेकर दुर्ग जिला भाजपा कार्यालय में संभाग स्तरीय बैठक आयोजित की गई है। संभाग प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी ने मीडिया को बताया कि 6 जनवरी शनिवार को दुर्ग में संभाग स्तरीय कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह होगा। रविशंकर स्टेडियम दुर्ग में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश भाजपा प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नबीन, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय और प्रदेश सरकार के मंत्रियों का आगमन होगा। 

उन्होंने कहा कि दुर्ग संभाग की सभी 20 सीटों पर सम्पन्न विधानसभा चुनाव की समीक्षा बैठक भी पार्टी के द्वारा आयोजित की जाएगी। इसमें मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने, संशोधित करने के काम में तेजी लाने और अयोध्या के राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से पहले घर-घर जनता से संपर्क के साथ 22 जनवरी का दिन हर्षोल्लास से मनाने की कार्ययोजना बनेगी। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को आगामी लोकसभा चुनाव की दृष्टि से सभी मोर्चों की विधानसभा स्तरीय सम्मेलन और नव मतदाता सम्मेलन करने का भी निर्देश दिया गया है।

कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत से मिली सफलता

जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव के प्रथम आगमन की तैयारी को लेकर जिला भाजपा दुर्ग जिला संगठन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। यह एक ऐतिहासिक अवसर है। दुर्ग जिले की 20 में से 10 सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की है।

जितेन्द्र वर्मा ने कहा कि जिले की 6 में से 4 सीटों पर कार्यकर्ताओं की मेहनत और संघर्ष की बदौलत भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज कर भूपेश सरकार के मंत्रियों को हराया है। कार्यकर्ताओं की मेहनत और संघर्ष की सराहना के लिए आ रहे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंहदेव के आगमन को ऐतिहासिक बनाया जाएगा।