धमतरी के भैंसामुंडा के जंगल में 1 नक्सली ढेर.....सरकार हाथ जोड़कर कह रही, वार्ता के लिए आगे आए माओवादी- डिप्टी CM शर्मा

धमतरी के भैंसामुंडा के जंगल में 1 नक्सली ढेर.....सरकार हाथ जोड़कर कह रही, वार्ता के लिए आगे आए माओवादी- डिप्टी CM शर्मा

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शनिवार को पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। जिसमें एक नक्सली को ढेर कर दिया गया है। कई नक्सलियों के घायल होने की खबर है। यह मुठभेड़ नगरी थाना क्षेत्र के ग्राम भैसा मुंडा के जंगल में हुआ। वहीं डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने नक्सलियों से अपील की है कि सरकार हाथ जोड़कर कह रही है वार्ता के लिए आगे आए, जिससे बस्तर के लोग और गांव आजाद हो सके।

जानकारी के मुताबिक, दोपहर एक बजे भैसा मुंडा के जंगल में मैनपुर नुआपाड़ा संयुक्त डिवीजन के माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। जिसके बाद धमतरी और गरियाबंद जिले की डीआरजी संयुक्त टीम सर्चिंग पर निकली थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे नक्सलियों ने डीआरजी जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने भी गोलीबारी की। जिसमें नक्सली वासु मारा गया। कई नक्सली घायल भी हुए हैं। इसकी पुष्टि एसपी आंजनेय वार्ष्णेय ने की है।

बीजापुर में 12 नक्सली ढेर- इससे पहले, बीजापुर जिले में शुक्रवार को हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 12 नक्सलियों को मार गिराया है। शुक्रवार देर शाम सभी के शव भी बरामद कर लिए गए हैं। मौके से BGL, बंदूक, नक्सल वर्दी, पिट्ठू, दवाइयां, और विस्फोटक मिले हैं। वहीं, मुठभेड़ में STF और DRG के दो जवान भी घायल हुए हैं। इस साल जनवरी से अब तक 131 दिन में जवानों ने 103 नक्सली ढेर किए हैं। बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा जिले की संयुक्त टीम के 1200 से अधिक जवानों ने 5 किमी के दायरे को घेर लिया। जिसके बाद एनकाउंटर हुआ है। हार्डकोर नक्सली कमांडर लिंगा, पापाराव समेत बड़े लीडर्स का गंगालूर के पीडिया में जमावड़े की सूचना मिली थी।