नक्सल नेटवर्क को तगड़ा झटका! मुख्य कमांडर समेत 15 नक्सलियों ने डाले हथियार

नक्सल नेटवर्क को तगड़ा झटका! मुख्य कमांडर समेत 15 नक्सलियों ने डाले हथियार

सुकमा जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत 15 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। इनमें ओडिशा स्टेट कमेटी का सदस्य सुदर्शन भी शामिल है।

सुकमा जिला में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। जिले में 15 नक्सलियों ने हथियार डालते हुए आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें ओडिशा स्टेट कमेटी का सदस्य सुदर्शन भी शामिल है, जिसे संगठन का अहम पदाधिकारी माना जाता था।

 नक्सलियों ने लिया हिंसा का रास्ता छोड़ने का निर्णय

पुलिस के मुताबिक ये सभी उग्रवादी सरायपाली क्षेत्र के बलौदा जंगल में सक्रिय थे और लंबे समय से नक्सली गतिविधियों में संलिप्त थे। लगातार चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन और सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर इन्होंने हिंसा का रास्ता छोड़ने का निर्णय लिया। सरेंडर के दौरान नक्सलियों ने अपने पास मौजूद हथियार भी सुरक्षाबलों को सौंप दिए।

कुल 14 ऑटोमैटिक और देशी हथियार जमा कराए गए, जिनमें रायफल सहित अन्य घातक हथियार शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ये सभी कई वारदातों में शामिल रहे थे और सुरक्षा बलों के लिए चुनौती बने हुए थे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आत्मसमर्पण करने वालों को राज्य सरकार की पुनर्वास नीति के तहत सहायता और सुविधाएं प्रदान की जाएंगी, ताकि वे समाज की मुख्यधारा में लौटकर सामान्य जीवन की शुरुआत कर सकें।