नेशनल हाईवे पर अवैध पार्किंग पर होगी कार्रवाई:बिलासपुर में ढाबा, होटल और पेट्रोल पंप के पास खड़े वाहन हटाएगी एनएच टीम
बिलासपुर (छत्तीसगढ़) ।
बिलासपुर में नेशनल हाईवे पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस के एडिशनल एसपी रामगोपाल करियारे ने नेशनल हाईवे और टोल प्लाजा के अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सुरक्षा मानकों की अवहेलना करने वाले ढाबा संचालकों को नोटिस जारी किए जाएंगे। टोल प्लाजा पर ट्रैफिक नियमों को प्रदर्शित किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने पर दंड का संदेश नियमित रूप से प्रसारित किया जाएगा।
एनएच की पेट्रोलिंग टीम को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। टीम ढाबा, होटल और पेट्रोल पंप के पास अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों को हटाएगी। अनधिकृत ढाबों को बंद करने का निर्णय लिया गया है। मान्यता प्राप्त ढाबों को पार्किंग की उचित व्यवस्था करनी होगी।
रोड कॉलर पर अतिक्रमण करने वाले ढाबा संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। टोल प्लाजा प्रबंधन यातायात नियम, दुर्घटनाओं से बचाव के उपाय और जुर्माना सूची संबंधी होर्डिंग्स लगाएगा। साथ ही अनाउंसमेंट के माध्यम से यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने में सहयोग करेगा।
हाईवे पेट्रोलिंग टीम और टोल प्लाजा को बैठक में कई दिशा निर्देश दिए गए, जिसके मुताबिक हाईवे को आवारा मवेशियों से मुक्त करने, रानी गॉव, सेंन्दरी में (कलवर्ट) अण्डर ब्रिज का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराने, ‘ब्लैक स्पॉट’ वाले क्षेत्र में रेडियम से अंग्रेजी और हिंदी में लिखे होर्डिंग्स लगाने। शराब बेचने वालों की जानकारी देने कहा गया है।
एडिशनल एसपी करियारे के मुताबिक परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग आपसी समन्वय से ओव्हर लोडिंग, बिना तिरपाल ढ़के, एवं भारी वाहन में चक्का उठा कर चलने वाले वाहनों पर कार्रवाई करेंगे।
बैठक में नेशनल हाईवे ने बताया कि उनके पास 3-एम्बुलेंस, 2-क्रेन, 3-पेट्रोलिंग वाहन है, जिनसे लगातार जिले के हाईवे पर पेट्रोलिंग कराएगी ताकि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में आहतों को गोल्डन ऑवर में उपचार हेतु अस्पताल तक पहुंचाया जा सके।
पशु चिकित्सा विभाग (वेटनरी) को रात्रि के समय सड़क दुर्घटना में आहत हुए मवेशियों के उपचार हेतु आकस्मिक उपलब्धता सुनिश्चित करने, (1962 टोल फ्री नम्बर पर संध्या 5 बजे बजे उपलब्ध हो, जिससे किसी प्रकार की असुविधा न हो। हाईवे के समीपवर्ती गांवों के ग्रामीणों द्वारा अपने मृत मवेशियों को नेशनल हाईवे में ला कर छोड़ने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए।
नेशलन हाईवे के सभी पेट्रोल पम्प में बिना हेलमेट धारण किए दुपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं देने संबंधी फ्लैक्स लगाने, रात्रि के समय ढाबे के सामने किसी भी स्थिति में अवैधानिक पार्किंग रोकने नेशनल हाईवे प्रबंधन की पेट्रोलिंग टीम नियमित पेट्रोलिंग करेगी।इसी प्रकार एनएच को हाई मॉस्ट लाइट सिस्टम वाहनों में रखने , दुर्घटना में आहत मवेशियों को गौ आश्रय स्थल पर सुरक्षित पहुंचाने की व्यवस्था करने कहा गया।
suntimes 