नेहरू नगर चौक पर तेज रफ्तार फायर ब्रिगेड ने मारी टक्कर, दो युवक घायल

सिग्नल खुलते ही पीछे से बाइक को ठोकर; एक युवक की हालत गंभीर, राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल

नेहरू नगर चौक पर तेज रफ्तार फायर ब्रिगेड ने मारी टक्कर, दो युवक घायल

भिलाई। शहर के प्रमुख नेहरू नगर चौक पर शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे एक सड़क हादसे में दो युवक घायल हो गए। तेज गति से आ रही अग्निशमन विभाग की गाड़ी ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े।

जानकारी के अनुसार, घटना के समय चौक पर रेड सिग्नल होने के कारण यातायात रुका हुआ था। जैसे ही सिग्नल हरा हुआ और वाहन आगे बढ़ने लगे, उसी दौरान दुर्ग की ओर से आ रही फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने बाइक को जोरदार ठोकर मार दी।

हादसे में घायल दोनों युवकों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे तत्काल पास के चंदूलाल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना के वक्त चौक पर तैनात ट्रैफिक कांस्टेबल की भूमिका पर भी सवाल उठे हैं। आरोप है कि उसने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में कोई सक्रियता नहीं दिखाई। बाद में आसपास मौजूद लोगों ने पहल करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

हादसे के बाद कुछ समय के लिए चौक पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही और यातायात भी प्रभावित हुआ। मामले को लेकर आगे की जांच की जा रही है।