किशोरी से छेड़छाड़, पूर्व पार्षद पर एफआईआर

दुर्ग। कोतवाली थाना अंतर्गत पचरीपारा निवासी किशोरी से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने पूर्व पार्षद अजय दुबे के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। किशोरी की मां ने थाने में पहुंचकर इस पूरे मामले की शिकायत की। महिला ने पुलिस को बताया कि पूरा परिवार दुबे के आतंक की वजह से दहशत में है। अक्सर आरोपी उनकी बेटी पर छींटाकशी करता था। 24 सितंबर को ट्यूशन जाने के दौरान अश्लील इशारा किया। जबरदस्ती पकड़कर गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया।
जब महिला ने इसकी शिकायत की, तो उससे भी मारपीट की कोशिश की। गाली-गलौच किया। इसके बाद मामला थाने पहुंचा। पुलिस ने आरोपी अजय दुबे के खिलाफ धारा 294, 506, 509, 354, 354(ए), 366, 8,12 पाक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। बता दें कि पिछले दिनों भी एक अन्य मामले में दुबे के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। बहरहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।