बंगाल चुनाव में BJP का बड़ा दांव: UCC लागू करने का वादा, महिलाओं-युवाओं के लिए 3000 रुपये का ऐलान
अमित शाह ने ‘संकल्प पत्र’ जारी कर खोला वादों का पिटारा, 45 दिन में सातवां वेतन आयोग और सख्त कानून व्यवस्था का भरोसा
*कोलकाता (ए)।* पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपना चुनावी घोषणा पत्र ‘संकल्प पत्र’ जारी कर मतदाताओं को साधने की कोशिश की है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कोलकाता में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कई बड़े वादों का ऐलान किया।
घोषणा पत्र में सबसे बड़ा वादा समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने का है। शाह ने कहा कि यदि राज्य में बीजेपी की सरकार बनती है, तो छह महीने के भीतर UCC लागू कर दिया जाएगा।
महिलाओं और युवाओं को साधने के लिए बीजेपी ने आर्थिक सहायता का बड़ा दांव खेला है। पार्टी ने महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये की सहायता देने का वादा किया है। इसके साथ ही राज्य की सरकारी नौकरियों और पुलिस भर्ती में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की घोषणा की गई है। बेरोजगार युवाओं को भी हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक मदद देने की बात कही गई है।
कानून व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर भी पार्टी ने सख्त रुख अपनाया है। अमित शाह ने कहा कि बीजेपी सरकार बनने पर घुसपैठ के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी और सीमाओं को पूरी तरह सुरक्षित किया जाएगा।
सरकारी कर्मचारियों को राहत देने के लिए पार्टी ने बड़ा वादा करते हुए कहा कि सत्ता में आने के 45 दिनों के भीतर सातवां वेतन आयोग लागू किया जाएगा। इसके अलावा आयुष्मान भारत योजना को भी राज्य में प्रभावी रूप से लागू करने की बात कही गई है।
किसानों के लिए भी घोषणा पत्र में विशेष प्रावधान किए गए हैं। पीएम किसान योजना के तहत केंद्र से मिलने वाले 6,000 रुपये के अलावा राज्य सरकार की ओर से 3,000 रुपये अतिरिक्त देने का वादा किया गया है।
इस दौरान अमित शाह ने तृणमूल कांग्रेस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि राज्य में लंबे समय से वादाखिलाफी और कमजोर कानून व्यवस्था का दौर रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी का संकल्प पत्र ‘सोनार बांग्ला’ बनाने का रोडमैप है।
सांस्कृतिक विकास को लेकर भी पार्टी ने कई घोषणाएं की हैं, जिनमें ‘वंदे मातरम’ संग्रहालय और रवींद्रनाथ टैगोर के नाम पर सांस्कृतिक केंद्र स्थापित करने का वादा शामिल है।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होंगे, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी। बीजेपी को उम्मीद है कि इस बार राज्य में सत्ता परिवर्तन होगा।
suntimes 