बिलासपुर-दुर्ग संभाग में आज बारिश के आसार, यलो अलर्ट जारी:अगले 5 दिन में बढ़ेगा तापमान...

छत्तीसगढ़ में बारिश थमने के बाद एक बार फिर धीरे-धीरे तापमान बढ़ने लगा है। अगले 5 दिन में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। आज बिलासपुर और दुर्ग संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। आज रायपुर में बारिश के आसार नहीं हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार हवा में नमी कम होने लगी है। जिसकी वजह से मौसम शुष्क हो रहा है। बुधवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान तिल्दा में 41.6 डिग्री दर्ज किया गया है।
सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री अंबिकापुर में रहा। मौसम विभाग के मुताबिक आज बिलासपुर और दुर्ग संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव, बिलासपुर, पेंड्रा और मुंगेली जिले में बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने 26 अप्रैल तक अंधड़ चलने और गरज-चमक के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि इस दौरान अधिकतम तापमान में भी बढ़ोतरी का दौर जारी रहेगा।
कब-कहां बारिश के आसार
- 26 अप्रैल: रायपुर, रायगढ़ कोरबा, दुर्ग,राजनांदगांव, बस्तर, दंतेवाड़ा,नारायणपुर जिले में।
- 27 अप्रैल: सुकमा, कांकेर, बीजापुर, नारायणपुर, दुर्ग, बालोद, रायपुर, गरियाबंद, धमतरी, पेंड्रा में बारिश के आसार हैं।
राजधानी रायपुर में आज मौसम साफ रहेगा, इसी के साथ अधिकतम तापमान भी बढ़ेगा। यहां फिलहाल बारिश के आसार नहीं है। पिछले 24 घंटे के दौरान रायपुर में भी तापमान बढ़कर 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है। ये सामान्य से 1 डिग्री कम है। वहीं, आज तापमान के 40 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
बिलासपुर में बुधवार शाम आए आंधी-तूफान से कई जगह पेड़ गिरने से बिजली के तार टूट गए तो कहीं, पोल ही गिर गए। इसके चलते शहर में घंटों अंधेरा छाया रहा। बिलासपुर में देर रात तक विद्युत विभाग की टीम बिजली सप्लाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए मशक्कत करती रही। लोगों को बिना बिजली के रात गुजारनी पड़ी।